झारखंड SIR: 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका, 19 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची

झारखंड SIR के तहत दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है. अब तक फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 के जरिए लाखों आवेदन प्राप्त हुए हैं. अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को जारी होगी.

झारखंड SIR: 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका, 19 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची

रांची (RANCHI): झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मतदाता सूची को लेकर दावा और आपत्ति की प्रक्रिया जारी है और अब आखिरी पड़ाव पर है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 27 सितंबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, 26 सितंबर तक विभिन्न फॉर्म के जरिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. फॉर्म-6 के माध्यम से कुल 6,14,880 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 26 सितंबर को अकेले 7,645 आवेदन मिले. वहीं, नए मतदाताओं के पंजीकरण से जुड़े फॉर्म-6 के जरिए प्राप्त आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है.

बुलेटिन के मुताबिक, फॉर्म-6A के माध्यम से कुल 102 आवेदन प्राप्त हुए हैं. 26 सितंबर को इस फॉर्म के जरिए कोई नया आवेदन नहीं मिला. वहीं, फॉर्म-7 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम हटाने या उस पर आपत्ति से संबंधित कुल 11,260 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 26 सितंबर को 224 आवेदन शामिल हैं. इसके अलावा फॉर्म-8 के माध्यम से नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार से संबंधित कुल 4,12,046 आवेदन प्राप्त हुए हैं. अकेले 26 सितंबर को फॉर्म-8 के तहत 6,490 आवेदन आए.

बता दें, मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटाने या किसी तरह का सुधार कराने वाले लोगों के लिए दावा और आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. यानी पात्र मतदाताओं के पास आवेदन या आपत्ति से जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने के लिए अब सीमित समय बचा है. चुनाव आयोग की प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्तियों के निपटारे के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.