रांची (RANCHI): राजधानी रांची के धुर्वा स्थित ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में 25 जुलाई को देवशयनी एकादशी के अवसर पर घूरती रथ यात्रा महोत्सव-2026 का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया जाएगा. इस अवसर पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की विशेष पूजा-अर्चना के साथ दिनभर धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा. जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति ने महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली हैं और श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है. मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं.
इसके साथ ही महोत्सव की शुरुआत सुबह 5 बजे सुप्रभातम से होगी. इसके बाद सुबह 6 बजे आरती और भगवान के दर्शन कराए जाएंगे. सुबह 8 बजे अन्न-भोग अर्पित किया जाएगा. दोपहर 2:30 बजे तक श्रद्धालु भगवान के दर्शन कर सकेंगे, जबकि दोपहर 2:50 बजे दर्शन बंद कर दिए जाएंगे. इसके बाद श्री सुदर्शन चक्र, गरुड़ जी, लक्ष्मीनरसिंह, भगवान श्री बलभद्र, माता सुभद्रा और भगवान श्री जगन्नाथ को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से रथ पर विराजमान किया जाएगा. इस दौरान विशेष पूजन, विष्णु लक्षार्चना, स्तोत्र पाठ, आरती और श्री जगन्नाथ अष्टकम का पाठ भी किया जाएगा.
उसके बाद शाम 4 बजे भव्य घूरती रथ यात्रा शुरू होगी, जो शाम 5 बजे मुख्य मंदिर पहुंचेगी. इसके बाद शाम 5 बजे से 6 बजे तक महिलाओं के लिए रथ पर विशेष दर्शन की व्यवस्था की गई है. शाम 6 बजे भगवान के विग्रहों को रथ से उतारकर मुख्य मंदिर में स्थापित किया जाएगा. वहीं रात 8 बजे 108 दीपों की मंगल आरती, विशेष भोग और हरिशयनम के साथ महोत्सव का विधिवत समापन होगा. मंदिर न्यास समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए महोत्सव में शामिल हों और भगवान जगन्नाथ की कृपा प्राप्त करें. इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति ने आवश्यक तैयारियां भी पूरी कर ली हैं.

