झारखंड में SIR के खिलाफ विधानसभा में राजकीय संकल्प पेश, केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव, भाजपा पर बरसे मंत्री

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने SIR के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किया. सरकार मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा कर प्रस्ताव केंद्र को भेजेगी.

झारखंड में SIR के खिलाफ विधानसभा में राजकीय संकल्प पेश, केंद्र को भेजा जाएगा प्रस्ताव, भाजपा पर बरसे मंत्री

रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ सरकार ने मोर्चा खोल दिया है. संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने SIR के विरोध में राजकीय संकल्प पेश किया. इस मुद्दे पर सदन में विस्तृत चर्चा की जाएगी, जिसमें सरकार राज्य के मतदाताओं को हो रही परेशानियों और उनके सामने आ रही समस्याओं को उठाएगी.

सरकार की ओर से चर्चा के दौरान SIR प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न जानकारियां और आंकड़े सदन में प्रस्तुत किए जाएंगे. इसमें दस्तावेजों की मांग, मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और स्थानीय मतदाताओं को हो रही कठिनाइयों से जुड़े मुद्दे शामिल होंगे. चर्चा के बाद SIR के खिलाफ प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की तैयारी है, ताकि इस प्रक्रिया पर दोबारा विचार किया जा सके.

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष के नेताओं और मंत्रियों ने भी SIR को लेकर भाजपा पर निशाना साधा. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में SIR को लागू नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया के जरिए आदिवासी, मूल निवासी और अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के वोट काटे जा रहे हैं. मंत्री ने इसे स्थानीय लोगों के मताधिकार को खत्म करने की साजिश करार दिया.

वहीं, मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर चुनाव आयोग भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है. योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि राज्य के लोगों के वोट और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा करना बड़ी लड़ाई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि झारखंड में किसी भी कीमत पर भाजपा की मंशा को सफल नहीं होने दिया जाएगा.

SIR के खिलाफ राजकीय संकल्प पेश किए जाने के बाद अब सदन में इस मुद्दे पर चर्चा होगी. सरकार का कहना है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों को हो रही परेशानियों और मताधिकार से जुड़े सवालों को केंद्र के सामने मजबूती से रखा जाएगा.