झारखंड के मतदाताओं के लिए बड़ी खबर, अन-मैप्ड मतदाताओं का होगा विशेष पुनरीक्षण

झारखंड के मतदाताओं के लिए बड़ी खबर, अन-मैप्ड  मतदाताओं का होगा विशेष पुनरीक्षण

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान चलाया जा रहा है. इस संबंध में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिला निर्वाचन पदाधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं. साथ ही मतदाताओं और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सभी पक्षों की शंकाओं के समाधान के लिए FAQs-Part I भी जारी किया गया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी इस दस्तावेज में 30 महत्वपूर्ण प्रश्नों और उनके उत्तर शामिल किए गए हैं. इन प्रश्नों के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़ी तमाम जानकारियां सरल भाषा में उपलब्ध कराई गई हैं. यह दस्तावेज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध है, ताकि आम नागरिक आसानी से इसे पढ़ और समझ सकें.

Image

FAQs में यह स्पष्ट किया गया है कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO), बूथ लेवल एजेंट (BLA), मैप्ड और अन-मैप्ड मतदाताओं की क्या भूमिका होगी और उन्हें कौन-कौन से कार्य करने होंगे. इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण की आवश्यकता, पात्र मतदाताओं के लिए जरूरी दस्तावेज, इन्यूमरेशन फॉर्म भरने की प्रक्रिया, मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन, दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की व्यवस्था और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी विस्तार से दी गई है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए. इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लें और आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं.

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का यह विशेष गहन पुनरीक्षण केवल भारतीय नागरिकों के लिए है. इसलिए जो लोग भारतीय नागरिक नहीं हैं, उन्हें इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहिए. निर्वाचन विभाग का मानना है कि इस अभियान से मतदाता सूची और अधिक शुद्ध बनेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूती मिलेगी.