रविवार को रांची में ट्रैफिक का नया नियम, इन रास्तों पर नहीं चलेंगी गाड़ियां
आदिवासी एकता महाजुटान रैली को देखते हुए रविवार को रांची में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाई गई है.
आदिवासी एकता महाजुटान रैली को देखते हुए रविवार को रांची में कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी. भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाई गई है.
रांची (RANCHI): आदिवासी एकता महाजुटान रैली को लेकर राजधानी रांची में रविवार को यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किया गया है. मोरहाबादी मैदान में राज्यभर से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए ट्रैफिक एसपी कार्यालय ने रूट डायवर्जन, वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध और अलग-अलग जिलों से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग प्लान जारी किया है.
जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, रविवार सुबह 8 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक मोरहाबादी और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा. इसमें जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली से टीआरआई मैदान, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़, एसएसपी आवास से बापू वाटिका मोरहाबादी तथा राम मंदिर से अतिथिशाला मोरहाबादी तक का मार्ग शामिल है. प्रशासन ने यह भी कहा है कि जरूरत पड़ने पर शहर के अन्य रास्तों पर भी अस्थायी रूप से रूट डायवर्ट किया जा सकता है या कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है.
रैली के दौरान भारी मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. रविवार सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक ट्रकों सहित सभी भारी वाहनों की शहर में एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी. ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए रिंग रोड का इस्तेमाल करना होगा. सामान्य नो-एंट्री व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी. वहीं, अलग-अलग जिलों से रैली में आने वाले वाहनों के लिए शहर के विभिन्न मैदानों को पार्किंग स्थल बनाया गया है. गुमला और लोहरदगा से आने वाले वाहन आईटीआई मैदान में खड़े किए जाएंगे, जबकि हजारीबाग और रामगढ़ की गाड़ियों के लिए डीआईजी मैदान और टीआरआई मैदान निर्धारित किया गया है. खूंटी की ओर से आने वाले वाहन जीईएल चर्च मैदान में पार्क होंगे.
सिमडेगा, कामडारा और तोरपा से आने वाली गाड़ियों को हरमू मैदान भेजा जाएगा. सरायकेला, जमशेदपुर और चाईबासा के वाहनों के लिए लोयला मैदान तय किया गया है, जबकि गढ़वा, पलामू और डाल्टेनगंज से आने वाले वाहन ओटीसी मैदान में पार्क किए जाएंगे. रातू, कांके, पिठोरिया और अन्य क्षेत्रों से आने वाले वाहनों को रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में पार्क करने की व्यवस्था की गई है. ट्रैफिक पुलिस ने राजधानीवासियों से अपील की है कि रविवार को जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोरहाबादी इलाके में अनावश्यक रूप से चारपहिया वाहन लेकर निकलने से बचें. प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि केवल जरूरी और आपातकालीन स्थिति में ही इन मार्गों का उपयोग करें, ताकि रैली के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और जाम की स्थिति से बचा जा सके.