रांची में 40 करोड़ का आलीशान घर बनवा रहे MS धोनी, सांबो पहाड़ी पर तैयार होगा नया आशियाना

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रांची से रिश्ता किसी से छिपा नहीं है. क्रिकेट के मैदान पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले माही अब अपने होमटाउन में एक और आलीशान घर बनवा रहे हैं. रांची रिंग रोड के पास सांबो (सेम्बो) पहाड़ी पर बन रहे इस घर की इन दिनों काफी चर्चा हो रही है.
रांची में 40 करोड़ का आलीशान घर बनवा रहे MS धोनी, सांबो पहाड़ी पर तैयार होगा नया आशियाना

रांची(RANCHI): भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रांची से रिश्ता किसी से छिपा नहीं है. क्रिकेट के मैदान पर अपनी अलग पहचान बनाने वाले माही अब अपने होमटाउन में एक और आलीशान घर बनवा रहे हैं. रांची रिंग रोड के पास सांबो (सेम्बो) पहाड़ी पर बन रहे इस घर की इन दिनों काफी चर्चा हो रही है. इस नए आशियाने पर करीब 40 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. हाल ही में धोनी खुद निर्माण स्थल पर पहुंचे और वहां चल रहे काम का जायजा लिया.

पहाड़ी पर होगा धोनी का नया आशियाना

धोनी का यह नया घर शहर की भीड़भाड़ से दूर एक शांत पहाड़ी इलाके में बनाया जा रहा है. करीब दो एकड़ में फैली इस जमीन से रांची शहर का खूबसूरत नजारा दिखाई देता है. आसपास हरियाली और खुला वातावरण होने की वजह से यह जगह काफी खास मानी जा रही है. बताया जा रहा है कि धोनी ने शुरुआत में तीन मंजिला घर बनाने की योजना तैयार की थी, लेकिन जमीन कृषि योग्य श्रेणी में आने के कारण रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकार (RRDA) ने निर्माण की ऊंचाई 7 मीटर तक सीमित कर दी. इसके बाद जी प्लस वन यानी ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल के निर्माण को मंजूरी मिली.

गैराज से लेकर रिक्रिएशनल एरिया तक की व्यवस्था

धोनी के नए घर का बिल्ट-अप एरिया करीब 2210 वर्ग मीटर बताया जा रहा है. ग्राउंड फ्लोर पर बड़ा हॉल और मल्टी-कार गैराज बनाया जाएगा. गाड़ियों के शौकीन धोनी के लिए यह गैराज काफी खास होने वाला है. वहीं, पहली मंजिल पर तीन आपस में जुड़ी यूनिट तैयार की जाएंगी. हर यूनिट में चार कमरे होंगे. घर के पीछे करीब 15×25 फीट का खुला रिक्रिएशनल एरिया भी बनाया जा रहा है, जहां धोनी अपने परिवार के साथ सुकून के पल बिता सकेंगे.

गाड़ियों के शौकीन हैं माही

धोनी की पहचान सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. उन्हें महंगी और विंटेज गाड़ियों का भी काफी शौक है. उनके पास कई शानदार कारों और बाइकों का कलेक्शन है. इनमें फरारी, हमर, निसान जोंगा और जीप ग्रैंड चेरोकी जैसी कारों के साथ कावासाकी निंजा H2 और सुजुकी हायाबुसा जैसी बाइक शामिल हैं.

फिलहाल सांबो पहाड़ी पर बन रहा यह घर धोनी के रांची वाले आशियानों में एक नया नाम जोड़ने जा रहा है. माही के नए घर की तस्वीरें और निर्माण स्थल पर पहुंचने का वीडियो सामने आने के बाद फैंस भी इसके तैयार होने का इंतजार कर रहे हैं.