झारखंड में फरवरी से शुरू हो सकती है मैट्रिक-इंटर की परीक्षा, 12 नवंबर से आवेदन
झारखंड में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी खबर है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने आने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है. उम्मीद जताई जा रही है कि 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं फरवरी के पहले सप्ताह से आयोजित की जा सकती हैं.
रांची(RANCHI): झारखंड में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी खबर है. झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने आने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है. उम्मीद जताई जा रही है कि 2027 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं फरवरी के पहले सप्ताह से आयोजित की जा सकती हैं. संभावित कार्यक्रम के मुताबिक, परीक्षाएं 5 फरवरी से शुरू होकर फरवरी के तीसरे सप्ताह तक चल सकती हैं. हालांकि, इस संबंध में JAC की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
नवंबर के अंत तक जारी हो सकता है परीक्षा कार्यक्रम
बोर्ड परीक्षा की तारीखों को लेकर स्टूडेंट्स के बीच इंतजार बना हुआ है. माना जा रहा है कि JAC नवंबर के आखिरी सप्ताह तक परीक्षा का पूरा कार्यक्रम जारी कर सकता है. इसमें परीक्षा शुरू होने की तारीख, विषयवार टाइम टेबल और बाकी जरूरी जानकारियां शामिल होंगी. फिलहाल स्टूडेंट्स को संभावित तारीखों के आधार पर अपनी तैयारी जारी रखने की सलाह दी जा रही है.
12 नवंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए आवेदन की प्रक्रिया 12 नवंबर से शुरू होगी. विद्यार्थी 26 नवंबर तक बिना किसी एक्स्ट्रा फीस के अपना आवेदन जमा कर सकेंगे. वहीं, तय समय सीमा में आवेदन नहीं कर पाने वाले छात्रों को 27 नवंबर से 4 दिसंबर तक लेट फीस के साथ फॉर्म भरने का मौका दिया जाएगा.
समय पर फॉर्म भरने की सलाह
JAC ने परीक्षा आवेदन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. स्टूडेंट्स को सलाह दी गई है कि वे अपने स्कूल और कॉलेज के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया समय पर पूरी कर लें. आखिरी तारीख का इंतजार करने से बचें, ताकि किसी तकनीकी या बाकी परेशानी के कारण उनका आवेदन अधूरा न रह जाए. बोर्ड ने अभी परीक्षा की अंतिम तारीखों की पुष्टि नहीं की है. ऐसे में विद्यार्थियों को आधिकारिक सूचना का इंतजार करना चाहिए.