झारखंड में वाणिज्य-कर विभाग में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों को मिली पदोन्नति

झारखंड में वाणिज्य-कर विभाग में बड़ा फेरबदल, कई अधिकारियों को मिली पदोन्नति

रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने वाणिज्य-कर विभाग के अंतर्गत राज्य कर सेवा (State Tax Service) के अधिकारियों के लिए बड़े स्तर पर पदोन्नति और नई पदस्थापनाओं का आदेश जारी किया है. इस प्रशासनिक फेरबदल के तहत कई संयुक्त आयुक्तों (Joint Commissioners) को नियमित पदोन्नति देकर अपर आयुक्त (Additional Commissioner) बनाया गया है, जबकि राज्य कर पदाधिकारी (State Tax Officers) को सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner) के पद पर प्रोन्नत कर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. सरकार के इस फैसले को विभागीय प्रशासन को अधिक प्रभावी और मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.

जारी अधिसूचना के अनुसार, संयुक्त आयुक्त स्तर के सात अधिकारियों को अपर आयुक्त के पद पर पदोन्नत किया गया है. इनमें योगेन्द्र प्रसाद को रांची प्रमंडल में राज्य कर अपर आयुक्त (अपील) बनाया गया है. उन्हें जमशेदपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. वहीं सुनील कुमार चौधरी को मुख्यालय रांची स्थित अंकेक्षण इकाई में अपर आयुक्त नियुक्त किया गया है.

इसी क्रम में राम प्रवेश प्रसाद को हजारीबाग प्रमंडल में अपर आयुक्त (प्रशासन), अनुप गौरव को दुमका स्थित संथाल परगना प्रमंडल में अपर आयुक्त (अपील), संजय कुमार गुप्ता को संथाल परगना प्रमंडल में अपर आयुक्त (प्रशासन) बनाया गया है. उन्हें धनबाद प्रमंडल के अपील प्रभार की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी दी गई है. गालिब अंसारी को हजारीबाग प्रमंडल में अपर आयुक्त (अपील) और विश्वजीत कुमार सिन्हा को धनबाद प्रमंडल में अपर आयुक्त (प्रशासन) के पद पर पदस्थापित किया गया है.

सरकार ने राज्य कर पदाधिकारी से सहायक आयुक्त के पद पर भी बड़ी संख्या में अधिकारियों को नियमित पदोन्नति दी है. इस सूची में चन्दन कुमार, अतुल कुमार, मिताली मेटे, नवनीत कुमार, मो. शफिक, रूपम महतो, अंकित रामपाल, रजत सुभ्रा, दिलीप कुमार कौशल, प्रियतम कुमार, शुभ निशान्त, जियाउल हक, शालिनी श्रीवास्तव, संजय कुमार, राजीव कुमार सिंह, राजन कुमार, नीतीश कुमार, संजय कुमार महतो, जिरोध राम, रंजीत कुमार, आकाश कुमार, विजय कुमार अम्बेदकर, विरेन्द्र कुमार दास, प्रीति केरकेट्टा, मनीष मिंज और विनय कुमार एक्का समेत कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.

इसके अलावा मो. अफरोज आलम को नियमित पदोन्नति के बाद झारखंड भवन, नई दिल्ली में पदस्थापना के लिए उनकी सेवा मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग को सौंप दी गई है. वहीं राघवेन्द्र कुमार विपुल को वित्त विभाग से सेवा वापसी के बाद चिरकुंडा अंचल में सहायक आयुक्त बनाया गया है. सरकार का मानना है कि इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल से राज्य कर विभाग की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी होगी. नई नियुक्तियों और पदोन्नतियों के जरिए कर संग्रह, अंकेक्षण, अपील और प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा विभागीय कार्यों के बेहतर संचालन में मदद मिलेगी. अधिसूचना जारी होने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं.