झारखंड के 8,525 शिक्षक-कर्मियों को बड़ा तोहफा, सरकार देगी ₹5 लाख का बीमा

झारखंड के 8,525 शिक्षक-कर्मियों को बड़ा तोहफा, सरकार देगी ₹5 लाख का बीमा

रांची(RANCHI):  झारखंड सरकार ने शिक्षा विभाग से जुड़े हजारों शिक्षक-कर्मियों और शैक्षणिक संसाधन कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा का बड़ा सहारा देने की दिशा में कदम उठाया है. राज्य सरकार अब 8,525 शिक्षक एवं कर्मियों को 5 लाख रुपये के जीवन बीमा कवर से जोड़ने जा रही है. इस फैसले से कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, बीआरपी, सीआरपी समेत विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को सीधे लाभ मिलेगा.

स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग द्वारा प्रस्तावित इस योजना को भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के माध्यम से संचालित किया जाएगा. योजना के लिए सभी जिलों को संबंधित शिक्षक-कर्मियों की सहमति लेकर 25 जून तक प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है.

बीमा योजना के तहत लाभार्थियों के वेतन या मानदेय से प्रतिमाह 500 रुपये का अंशदान लिया जाएगा. योजना की सेवाकाल के दौरान किसी शिक्षक या कर्मी की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को 5 लाख रुपये की एकमुश्त बीमा राशि दी जाएगी.

वहीं, यदि कर्मचारी सामान्य रूप से सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त होता है तो उसके द्वारा जमा की गई अंशदान राशि ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी. इस पर लगभग 7.50 प्रतिशत वार्षिक ब्याज का लाभ भी मिलने की संभावना है.

योजना का लाभ राज्य के 203 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों और 57 झारखंड बालिका आवासीय विद्यालयों के 5,075 शिक्षक एवं कर्मियों को मिलेगा. जिला स्तर पर बीमा प्रक्रिया पूरी कर योजना को जल्द लागू करने की तैयारी की जा रही है.