रांची (RANCHI): झारखंड सरकार के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने विभागीय अधिकारियों को बड़ी प्रशासनिक सौगात देते हुए 15 जिला जनसंपर्क पदाधिकारियों (DPRO) को पदोन्नति प्रदान की है. विभागीय प्रोन्नति समिति (DPC) की अनुशंसा के आधार पर जारी अधिसूचना के अनुसार इन अधिकारियों को उप निदेशक (लेवल-11) के पद पर पदोन्नत किया गया है. इस संबंध में आधिकारिक आदेश 24 जुलाई 2026 को जारी किया गया. विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, पदोन्नति प्राप्त सभी अधिकारी फिलहाल अपने वर्तमान पदस्थापन पर ही उप निदेशक के पद का कार्यभार संभालेंगे. यानी उन्हें तत्काल नए स्थान पर स्थानांतरित नहीं किया गया है, बल्कि मौजूदा कार्यस्थल पर ही उच्च पद की जिम्मेदारियां निभानी होंगी.
इन अधिकारियों को मिला प्रमोशन
उप निदेशक पद पर पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में उर्वशी पाण्डेय (रांची), इशा खण्डेलवाल (चाईबासा), शाहिद आलम (रांची), सैय्यद राशिद अख्तर (रांची), प्रभात शंकर (रामगढ़), अनिल कुमार सिंह (धनबाद), बीरु प्रसाद कुशवाहा (रांची), रवि कुमार (बोकारो), पटलू महतो (सिमडेगा), अविनाश कुमार (सरायकेला-खरसावां), राहुल कुमार भारती (देवघर), पंकज राज (पूर्वी सिंहभूम), शिवनन्द बड़ाईक (लोहरदगा), रोहित कुमार (हजारीबाग) और सुनीता धान (रांची) शामिल हैं. इन सभी अधिकारियों को लंबे समय से विभाग में दिए गए योगदान और सेवा अवधि के आधार पर पदोन्नति का लाभ मिला है. विभाग का मानना है कि इससे जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी.
पदभार ग्रहण करने के बाद मिलेगा वित्तीय लाभ
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों को झारखंड सेवा संहिता के नियम-58 के तहत उप निदेशक पद का वास्तविक वित्तीय लाभ उसी दिन से मिलेगा, जिस दिन वे उच्च पद का कार्यभार ग्रहण करेंगे. यानी वेतन और अन्य वित्तीय सुविधाएं पदभार संभालने की तिथि से प्रभावी होंगी. सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने यह भी बताया कि पदोन्नति संबंधी इस प्रस्ताव को विभागीय (मुख्य) मंत्री की स्वीकृति मिलने के बाद राज्यपाल के आदेश से अधिसूचना जारी की गई है. विभाग की इस कार्रवाई को प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.

