JBVNL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 5 विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला

JBVNL ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल करते हुए पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला किया है. गौरव कुमार समेत पांच अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. सभी स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होंगे.

JBVNL में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल! 5 विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला

रांची (RANCHI): झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए पांच विद्युत कार्यपालक अभियंताओं का तबादला और पदस्थापन किया है. इस संबंध में निगम मुख्यालय, अभियंत्रण भवन, धुर्वा, रांची से बुधवार को अधिसूचना जारी की गई. आदेश के मुताबिक सभी अधिकारियों का स्थानांतरण तत्काल प्रभाव से लागू होगा. इस फेरबदल के बाद राज्य के कई विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है. निगम की ओर से जारी आदेश में अधिकारियों को नई जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है.

अधिसूचना के अनुसार कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची के कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार का तबादला चक्रधरपुर किया गया है. उन्हें चक्रधरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की जिम्मेदारी दी गई है. वहीं मेदिनीनगर विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में सीसी एंड आरएम के कार्यपालक अभियंता मोहम्मद शमशाद आलम को रांची विद्युत आपूर्ति अंचल के टीआरडब्ल्यू एंड स्टोर में कार्यपालक अभियंता बनाया गया है. इसी तरह रांची के टीआरडब्ल्यू एंड स्टोर के कार्यपालक अभियंता कफील अंसारी का स्थानांतरण मधुपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में किया गया है.

इसके अलावा मधुपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रोहित मांझी को अब कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, रांची की जिम्मेदारी सौंपी गई है. वहीं धनबाद विद्युत आपूर्ति क्षेत्र में सीसी एंड आरएम के कार्यपालक अभियंता अभिषेक कुमार सिंह का स्थानांतरण कर उन्हें छतरपुर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल में कार्यपालक अभियंता के पद पर पदस्थापित किया गया है. इस प्रशासनिक बदलाव से चक्रधरपुर, रांची, मधुपुर और छतरपुर समेत कई विद्युत प्रमंडलों में अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है. जारी अधिसूचना पर उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) के हस्ताक्षर हैं और सभी तबादले तत्काल प्रभाव से प्रभावी माने जाएंगे.