रांची जमीन घोटाले में बड़ी कार्रवाई: पूर्व एलआरडीसी, डिप्टी रजिस्ट्रार समेत 6 गिरफ्तार
रांची में जमीन घोटाले से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है.एसीबी की रांची थाना टीम ने 17 नवंबर 2026 को तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है
रांची:झारखंड की राजधानी रांची में जमीन घोटाले से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है.एसीबी की रांची टीम ने 17 नवंबर 2026 को तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता (LRDC), तत्कालीन जिला अवर निबंधक और अंचल अधिकारियों समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.एसीबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन भूमि सुधार उपसमाहर्ता, सदर रांची, अविनाश कुमार, तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची, वैभवमणि त्रिपाठी, तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची, राहुल कुमार चौबे, तत्कालीन जिला अवर निबंधक, रांची, शैलेश कुमार, तत्कालीन अंचल अधिकारी, बड़गाईं अंचल और राजेश कुमार, तत्कालीन अंचल अधिकारी, शहर अंचल, रांची शामिल हैं.
एसीबी के अनुसार, यह कार्रवाई रांची थाना कांड संख्या 01/2026 के तहत की गई है.इस मामले में 5 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की विभिन्न धाराओं के साथ संशोधित भारतीय न्याय संहिता की धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 एवं संशोधित अधिनियम 2018 के तहत मामला दर्ज है.
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आरोपियों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र करने, निजी आर्थिक लाभ के लिए अपने पद का दुरुपयोग करने और भ्रष्ट लोक सेवक होने से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद उनकी गिरफ्तारी की गई है.
एसीबी के मुताबिक, यह मामला रिम्स जमीन घोटाले से संबंधित है. फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.