रांची नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, मोरहाबादी वेंडिंग जोन के 80 दुकानदारों को भेजा नोटिस

रांची नगर निगम की बड़ी कार्रवाई, मोरहाबादी वेंडिंग जोन के 80 दुकानदारों को भेजा नोटिस

रांची (RANCHI): रांची नगर निगम ने अतिक्रमण पर बड़ा फैसला लेते हुए मोरहाबादी वेंडिंग जोन-2 में नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इस विशेष जांच के आधार पर निगम ने 80 वेंडरों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. सभी संबंधित वेंडरों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ अपना पक्ष निगम के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला या जांच में लगाए गए आरोप सही पाए गए, तो संबंधित दुकानों का आवंटन रद्द करने के साथ-साथ नगर निगम अधिनियम के तहत अन्य कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी. निगम का कहना है कि वेंडिंग जोन में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक लाभुकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

जांच के दौरान नगर निगम की टीम को कई गंभीर अनियमितताएं मिलीं. अधिकारियों के अनुसार कई लाभुकों ने अपने नाम पर आवंटित दुकानों को नियमों के विरुद्ध दूसरे लोगों को किराये पर दे दिया है. वहीं कुछ दुकानदारों ने दुकान मिलने के बावजूद अब तक अपना व्यवसाय शुरू ही नहीं किया है, जिससे वेंडिंग जोन का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है. इसके अलावा कई दुकानदार निगम द्वारा निर्धारित नियमों और शर्तों का पालन करते नहीं पाए गए. जांच के दौरान कुछ दुकानों में नशीले पदार्थों की बिक्री से जुड़ी शिकायतों की भी पुष्टि हुई, जिसे निगम ने बेहद गंभीर मामला मानते हुए अलग से कार्रवाई के दायरे में लिया है.

नगर निगम की जांच में यह भी सामने आया कि कुछ लाभुकों को वेंडिंग जोन में दुकान आवंटित होने के बावजूद वे सड़क किनारे अवैध रूप से व्यवसाय करते मिले. अधिकारियों का कहना है कि इससे न केवल यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि वेंडिंग जोन की व्यवस्था भी बाधित होती है. निगम ने सभी नोटिस प्राप्त वेंडरों को 48 घंटे के भीतर शपथ-पत्र के साथ अपना स्पष्टीकरण देने का अंतिम अवसर दिया है. निगम ने चेतावनी दी है कि यदि समय पर जवाब नहीं मिला या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई, तो संबंधित दुकानों का आवंटन तत्काल रद्द कर दिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.