जेबीवीएनएल की बड़ी कार्रवाई! स्मार्ट मीटर योजना में लापरवाही, दो वरिष्ठ अधिकारी निलंबित

जेबीवीएनएल की बड़ी कार्रवाई! स्मार्ट मीटर योजना में लापरवाही, दो वरिष्ठ अधिकारी निलंबित

रांची (RANCHI): झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने स्मार्ट मीटर में  लापरवाही का मामला सामने आया है जहां स्मार्ट मीटर और एनर्जी अकाउंटिंग से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं में कथित अनियमितता और लापरवाही के आरोप में दो वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निगम मुख्यालय द्वारा 23 जून को जारी अलग-अलग कार्यालय आदेशों के तहत यह कार्रवाई की गई. जेबीवीएनएल के अनुसार, राज्य सरकार और केंद्र सरकार की विश्व बैंक तथा आरडीएसएस (रिवैम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम) के तहत संचालित 33/11 केवी फीडर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर, उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर स्थापना, बिल जनरेशन और एनर्जी अकाउंटिंग जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर शिथिलता बरती गई. निगम का कहना है कि इस लापरवाही से आर्थिक नुकसान होने के साथ-साथ बिलिंग और ऊर्जा लेखांकन व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है.

कार्यालय आदेश संख्या-299 के तहत वरिष्ठ प्रबंधक (तकनीकी) एवं अतिरिक्त प्रभार उप महाप्रबंधक (तकनीकी), एनर्जी अकाउंटिंग एंड एनर्जी ऑडिट का दायित्व संभाल रहे सिद्धार्थ कुमार शर्मा को निलंबित किया गया है. निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विद्युत आपूर्ति अंचल, हजारीबाग निर्धारित किया गया है. वहीं कार्यालय आदेश संख्या-300 के तहत वरिष्ठ प्रबंधक (जीटीओ), वरिष्ठ प्रबंधक (तकनीकी-टीएसजी) तथा आरडीएसएस एवं जेपीएसआईपी से जुड़े कार्यों का दायित्व निभा रहे अवधेश कुमार को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विद्युत आपूर्ति अंचल, रामगढ़ रहेगा. निगम ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी निर्णय लिया है.

जेबीवीएनएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए स्मार्ट मीटर और एनर्जी अकाउंटिंग परियोजनाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं. ऐसे में इन योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. निगम ने कहा कि निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा, जबकि विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.