देवघर(DEOGHAR): रेलवे ने कवारियों के लिए बड़ा तोहफा दिया है जहां श्रावणी मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है. दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल ने रांची और भागलपुर के बीच दो जोड़ी श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. ये विशेष ट्रेनें अलग-अलग मार्गों से चलेंगी, जिससे सुल्तानगंज और बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. रेलवे प्रशासन के अनुसार दोनों स्पेशल ट्रेनें कुल 14-14 फेरे लगाएंगी, जिससे मेले के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त सीटें उपलब्ध होंगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम होगा. इस निर्णय से झारखंड और बिहार के हजारों श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलने की उम्मीद है.
पहली स्पेशल ट्रेन संख्या 08690 रांची-भागलपुर-रांची द्वि-साप्ताहिक श्रावणी मेला स्पेशल होगी, जो राजाबेड़ा मार्ग से संचालित की जाएगी. यह ट्रेन 26 जुलाई से 9 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को रांची से शाम 5:40 बजे रवाना होगी. ट्रेन मुरी, बोकारो स्टील सिटी, हजारीबाग रोड, कोडरमा, नवादा, किउल और सुल्तानगंज होते हुए अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08689 भागलपुर-रांची स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को सुबह 9:10 बजे भागलपुर से चलकर रात 10:20 बजे रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 6 सामान्य श्रेणी, 7 स्लीपर, 1 एसी थ्री-टियर और 2 एसएलआरडी कोच शामिल रहेंगे.
दूसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 08646 रांची-भागलपुर स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को शाम 5:30 बजे रांची से रवाना होगी. यह ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, किउल और सुल्तानगंज के रास्ते अगले दिन सुबह 6:30 बजे भागलपुर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 08645 भागलपुर-रांची स्पेशल 28 जुलाई से 12 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को सुबह 9:10 बजे भागलपुर से प्रस्थान कर रात 9:40 बजे रांची पहुंचेगी. इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 13 स्लीपर, 4 सामान्य श्रेणी, 1 एसी थ्री-टियर और 2 एसएलआरडी कोच शामिल होंगे. रेलवे ने श्रद्धालुओं से समय पर टिकट बुक कराने और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है.

