जस्टिस विभु बखरू होंगे झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश

सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है. वह जस्टिस एमएस सोनक का स्थान लेंगे.

जस्टिस विभु बखरू होंगे झारखंड हाईकोर्ट के नए मुख्य न्यायाधीश, सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की सिफारिश

रांची: झारखंड हाईकोर्ट को जल्द ही नया मुख्य न्यायाधीश मिल सकता है. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने कर्नाटक हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विभु बखरू को झारखंड हाईकोर्ट का अगला चीफ जस्टिस नियुक्त करने की सिफारिश की है. वह झारखंड हाईकोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस एमएस सोनक का स्थान लेंगे. जस्टिस सोनक आगामी 27 नवंबर को सेवानिवृत्त होने वाले हैं.  

कौन हैं जस्टिस विभु बखरू?  

जस्टिस विभु बखरू का जन्म 2 नवंबर 1966 को महाराष्ट्र के नागपुर में हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा दिल्ली के मथुरा रोड स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल से पूरी की. इसके बाद 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से बी.कॉम (ऑनर्स) की डिग्री हासिल की. कानून की पढ़ाई से पहले उन्होंने 1989 में चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की परीक्षा पास की और 1990 में एलएलबी की डिग्री प्राप्त की.  

वकालत से न्यायपालिका तक का सफर. 

जस्टिस बखरू ने सितंबर 1990 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण के बाद वकालत शुरू की. उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और कंपनी लॉ बोर्ड में प्रैक्टिस की. वाणिज्यिक कानून और मध्यस्थता (Arbitration) के मामलों में उन्हें विशेष अनुभव हासिल है. जुलाई 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता (Senior Advocate) नामित किया. इसके बाद 17 अप्रैल 2013 को उन्हें दिल्ली हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया. 18 मार्च 2015 को वह स्थायी न्यायाधीश बने. दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 तक उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाली.  

2025 में संभाली कर्नाटक हाईकोर्ट की कमान

19 जुलाई 2025 को जस्टिस विभु बखरू ने कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली. अब सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने उन्हें झारखंड हाईकोर्ट की जिम्मेदारी सौंपने की सिफारिश की है. कॉलेजियम की इस अनुशंसा के बाद झारखंड हाईकोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति का रास्ता साफ होने की उम्मीद है.