JTET 2026: राज्य में कदाचार मुक्त जेटेट की परीक्षा के लिए सरकार ने किए हैं व्यापक प्रबंध, जानिए विस्तार से

झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा. राज्यभर में परीक्षा के लिए कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है.

JTET 2026: राज्य में कदाचार मुक्त जेटेट की परीक्षा के लिए सरकार ने किए हैं व्यापक प्रबंध, जानिए विस्तार से

रांची (RANCHI): झारखंड में शिक्षक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET 2026) का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा. राज्यभर में परीक्षा के लिए कुल 986 केंद्र बनाए गए हैं, जहां दो पालियों में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे. परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. परीक्षा के दिन सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में बाधा डालने, नकल कराने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दो पालियों में होगी परीक्षा, जानें प्रवेश का समय

JTET 2026 की पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी. इसमें कक्षा एक से पांचवीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल होंगे. पहली पाली के लिए परीक्षा केंद्रों पर सुबह 7:30 बजे से प्रवेश शुरू होगा. अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद प्रवेश का मौका नहीं मिलेगा.

वहीं, दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी. इसमें कक्षा छह से आठवीं तक के शिक्षक बनने के इच्छुक अभ्यर्थी शामिल होंगे. दूसरी पाली के लिए दोपहर 12:30 बजे से 1:30 बजे तक प्रवेश की अनुमति रहेगी. निर्धारित समय समाप्त होने के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. ऐसे में परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले केंद्र पहुंचें और अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज परीक्षा केंद्र, पता और पाली की जानकारी पहले ही जांच लें.

कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम में हुआ बदलाव

झारखंड अकादमिक परिषद (JAC) ने प्रशासनिक और सुरक्षा कारणों से कुछ परीक्षा केंद्रों के नाम में संशोधन किया है. हालांकि, संबंधित केंद्रों के कोड में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसलिए अभ्यर्थियों को परीक्षा के लिए घर से निकलने से पहले एडमिट कार्ड पर दर्ज केंद्र का संशोधित नाम और पूरा पता ध्यान से देख लेना चाहिए, ताकि किसी तरह की असुविधा न हो.

एडमिट कार्ड डाउनलोड करने या परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की परेशानी होने पर अभ्यर्थी जैक की हेल्पलाइन पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए 0651-6453344 और टोल-फ्री नंबर 1800-345-6523 जारी किए गए हैं. अभ्यर्थी अपनी समस्या secretary.jac2003@gmail.com पर ईमेल के माध्यम से भी भेज सकते हैं.