जेपीएससी ने जारी किया वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य परीक्षा का परिणाम, 22 जुलाई से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

जेपीएससी ने जारी किया वन क्षेत्र पदाधिकारी मुख्य परीक्षा का परिणाम, 22 जुलाई से होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा

राँची: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने वन क्षेत्र पदाधिकारी (Forest Range Officer) भर्ती परीक्षा-2024 (विज्ञापन संख्या-04/2024) की मुख्य (लिखित) प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है. आयोग द्वारा यह परीक्षा 22 एवं 24 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी. अभ्यर्थी अपना परिणाम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं.

आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्य (लिखित) परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) का आयोजन 22 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक किया जाएगा. यह परीक्षा झारखंड वन क्षेत्र पदाधिकारी सेवा (नियुक्ति, प्रोन्नति एवं अन्य सेवा शर्त) नियमावली, 2024 के तहत निर्धारित मानकों के अनुसार आयोजित होगी.

जेपीएससी ने स्पष्ट किया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा का केंद्र, रिपोर्टिंग समय एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश अलग से आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे. इसलिए सभी सफल अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.

आयोग ने यह भी कहा है कि यदि प्रकाशित परीक्षा परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती पाई जाती है, तो उसे सुधारने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करने की सलाह दी गई है.

जेपीएससी की इस घोषणा के साथ ही वन क्षेत्र पदाधिकारी भर्ती प्रक्रिया का अगला चरण शुरू हो गया है और अब सफल अभ्यर्थियों की नजर शारीरिक दक्षता परीक्षा पर टिकी हुई है.