JPSC Civil Judge Result Out: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ संशोधित रिजल्ट

JPSC Civil Judge Result Out: सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद जारी हुआ संशोधित रिजल्ट

रांची(RANCHI): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने झारखंड न्यायिक सेवा के तहत आयोजित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है. लंबे समय से परिणाम का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अपडेट है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि नया परिणाम सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप तैयार किया गया है.

आयोग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह संशोधित परिणाम विज्ञापन संख्या 22/2023 के अंतर्गत आयोजित परीक्षा से संबंधित है. बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट ने 9 फरवरी 2026 को इस मामले में एक आदेश पारित किया था. न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए आयोग ने पहले प्रश्नपत्र की उत्तर कुंजी की समीक्षा की और उसमें आवश्यक संशोधन किए.

संशोधित उत्तर कुंजी तैयार होने के बाद आयोग ने उसी के आधार पर परीक्षा परिणाम का पुनर्मूल्यांकन किया. इसके बाद 10 मार्च को आयोजित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक परीक्षा का नया और संशोधित रिजल्ट प्रकाशित किया गया. आयोग का कहना है कि पूरी प्रक्रिया न्यायालय के आदेश और निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न की गई है, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके.

इस संशोधित परिणाम के जारी होने के बाद उन अभ्यर्थियों के लिए स्थिति स्पष्ट हो गई है, जो लंबे समय से परीक्षा परिणाम में बदलाव या पुनर्विचार को लेकर इंतजार कर रहे थे. कई उम्मीदवारों की मेरिट और चयन स्थिति पर भी इस संशोधित रिजल्ट का प्रभाव पड़ सकता है. JPSC ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना परिणाम केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट  www.jpsc.gov.in  पर जाकर ही देखें. रिजल्ट से संबंधित सभी जानकारी आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए हैं.

उम्मीदवार JPSC की आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपने रोल नंबर और संबंधित विवरण के माध्यम से परिणाम की जांच कर सकते हैं. आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी नई सूचना या अपडेट को आधिकारिक वेबसाइट पर ही प्रकाशित किया जाएगा.