JPSC-JSSC अभ्यर्थियों ने खोला मोर्चा, 24 अगस्त से सभी जिलों में भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा
झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अभ्यर्थी न्याय मंच 24 अगस्त से यात्रा शुरू करेगा. रामगढ़ से शुरू होने वाली यह यात्रा राज्य के सभी 24 जिलों तक पहुंचेगी.
रांची(RANCHI): छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर 24 अगस्त से भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा शुरू होगी. JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच के बैनर तले निकलने वाली यह यात्रा झारखंड के सभी 24 जिलों में जाएगी. इसकी शुरुआत रामगढ़ से होगी. इसके बाद तय सीरियल नंबर के अनुसार एक-एक कर राज्य के दूसरे जिलों में यात्रा पहुंचेगी. संगठन ने छात्रों और अभ्यर्थियों से अपने जिले में यात्रा की तैयारी करने और अभियान से जुड़ने की अपील की है.
रामगढ़ से शुरू होकर 24 जिलों में पहुंचेगी यात्रा
जारी कार्यक्रम के मुताबिक, 24 अगस्त को रामगढ़ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पैतृक गांव से यात्रा की शुरुआत की जाएगी. यात्रा में रामगढ़ को पहला जिला रखा गया है. इसके बाद दूसरे नंबर पर हजारीबाग, तीसरे पर चतरा, चौथे पर कोडरमा और पांचवें नंबर पर गिरिडीह में कार्यक्रम होगा.
इसके बाद देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू और गढ़वा में यात्रा पहुंचेगी. जारी पोस्टर के अनुसार रांची को सीरियल नंबर 24 पर रखा गया है.
भर्ती में पारदर्शिता समेत कई मांगें उठाएगा मंच
अभ्यर्थी न्याय मंच का कहना है कि यात्रा के जरिए JPSC-JSSC की भर्ती व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को राज्यभर में उठाया जाएगा. मंच की मांगों में भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को रोकना, दोषियों पर कार्रवाई, पेपर लीक माफिया पर रोक और अभ्यर्थियों को न्याय दिलाना शामिल है.
देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में होने वाले इस अभियान को लेकर अलग-अलग जिलों में तैयारी की जा रही है. मंच ने युवाओं और अभ्यर्थियों से अपने जिले में यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है.