झारखंड में SIR 2026 का आखिरी मौका! 22-23 अगस्त को लगेगा विशेष कैंप, ऐसे जुड़वाएं वोटर लिस्ट में नाम
झारखंड में SIR 2026 के तहत 22 और 23 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर अंतिम विशेष शिविर लगेगा. 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 साल के होने वाले पात्र नागरिक वोटर लिस्ट में नाम जुड़वा सकेंगे.
रांची (RANCHI): झारखंड में SIR 2026 के तहत मतदाताओं को नाम जुड़वाने और मतदाता सूची में जरूरी सुधार कराने का एक और मौका मिलने जा रहा है. जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22 और 23 अगस्त को द्वितीय एवं अंतिम विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा. शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा. इस दौरान पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के साथ मतदान केंद्र और अन्य विवरण में आवश्यक बदलाव के लिए आवेदन कर सकेंगे. जिन भारतीय नागरिकों की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है या 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की होने वाली है, वे फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए आवेदक का झारखंड के किसी मतदान केंद्र क्षेत्र का सामान्य निवासी होना जरूरी है.
बता दें, SIR के तहत उन मतदाताओं को भी सुविधा दी जा रही है, जिनका मतदान केंद्र उनके घर से काफी दूर है या परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं. ऐसे मतदाता फॉर्म-8 भरकर अपने और परिवार के सदस्यों के नाम को नजदीकी एक ही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं. इससे एक ही परिवार के सदस्यों को एक बूथ से मतदान करने की सुविधा मिल सकेगी. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि SIR प्रक्रिया में केवल पात्र भारतीय नागरिक ही आवेदन करें और विदेशी नागरिक इससे दूर रहें. शिविर में पहुंचकर मतदाता संबंधित अधिकारियों की मदद से आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं.
इसके अलावा मतदाताओं को शिविर के अलावा ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. पात्र नागरिक ECINET ऐप के जरिए आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा चुनाव आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर भी फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरे जा सकते हैं. SIR 2026 से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए 1950 और 18003311950 टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि 22 और 23 अगस्त के अंतिम शिविर का लाभ उठाकर मतदाता सूची में नाम, पता और मतदान केंद्र से जुड़ी जानकारी समय रहते दुरुस्त करा लें.