उत्तराखंड के चमोली टनल हादसे में फंसे झारखंड के मजदूर, CM हेमंत ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

चमोली टनल हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है. सुरंग में झारखंड के कई मजदूरों के फंसे होने की खबर से परिवारों की चिंता बढ़ गई है.

उत्तराखंड के चमोली टनल हादसे में फंसे झारखंड के मजदूर, CM हेमंत ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

रांची(RANCHI): उत्तराखंड के चमोली जिले में निर्माणाधीन टनल का एक हिस्सा अचानक धंसने से बड़ा हादसा हो गया. मायापुर और पीपलकोटी के बीच टीएचडीसी की निर्माणाधीन सुरंग में पानी और मलबा भर जाने से कई मजदूर अंदर फंस गए. हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत की सूचना है. वहीं, कई मजदूरों के अब भी सुरंग के अंदर फंसे होने की बात सामने आई है.

इस हादसे की खबर झारखंड पहुंचने के बाद राज्य में भी चिंता बढ़ गई है. बताया जा रहा है कि सुरंग में फंसे मजदूरों में झारखंड के खूंटी, गुमला समेत कई जिलों के श्रमिक भी शामिल हैं. इन मजदूरों के परिवार अपने परिजनों की सलामती को लेकर परेशान हैं और सरकार से लगातार जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं.

CM हेमंत ने धामी से फोन पर की बात

हादसे की जानकारी मिलते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत की. इस दौरान उन्होंने सुरंग में फंसे मजदूरों की स्थिति और अब तक चलाए जा रहे राहत-बचाव अभियान की जानकारी ली.

सीएम धामी ने हेमंत सोरेन को भरोसा दिलाया कि सुरंग में फंसे सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है. बचाव दल मलबा हटाने और सुरंग के अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटे हैं.

हादसे पर CM हेमंत ने जताई चिंता

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताया है. उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन सुरंगों में बार-बार हादसे होना और मजदूरों का अंदर फंस जाना गंभीर चिंता का विषय है.

उन्होंने विकास कार्यों के साथ पर्यावरण और प्रकृति के संतुलन पर भी जोर दिया. CM ने कहा कि विकास जरूरी है, लेकिन इसके लिए प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखना भी उतना ही जरूरी है. लगातार हो रही ऐसी घटनाएं हमें इस दिशा में गंभीरता से सोचने का संकेत देती हैं.

परिवारों से हेल्पलाइन पर संपर्क की अपील

झारखंड सरकार ने उन लोगों से संपर्क करने की अपील की है, जिनके परिवार के सदस्य या परिचित चमोली की इस परियोजना में काम कर रहे थे. सरकार ने कंट्रोल रूम के (टोल फ्री) हेल्पलाइन नंबर 1800-3456-526 और हेल्पलाइन व्हाट्सएप नंबर: 9470132591, 9431336472, 9431336427 जारी किए हैं, जहां लोग अपने परिजनों से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं.

सरकार की ओर से कहा गया है कि चमोली हादसे को लेकर लगातार जानकारी जुटाई जा रही है. झारखंड प्रशासन उत्तराखंड सरकार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है. फिलहाल सबसे बड़ी प्राथमिकता सुरंग में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है. वहीं, झारखंड में उनके परिवार भी अपनों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.