झारखंड स्टेट टूरिज्म अवार्ड 2026 का ऐलान, 18 कैटेगरी में मिलेगा सम्मान! जानिए कैसे करें आवेदन

Jharkhand State Tourism Award 2026 के लिए आवेदन शुरू, 18 श्रेणियों में सम्मान पाने का मौका, 10 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदन.

झारखंड स्टेट टूरिज्म अवार्ड 2026 का ऐलान, 18 कैटेगरी में मिलेगा सम्मान! जानिए कैसे करें आवेदन

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य के पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले लोगों, संस्थानों और संगठनों को प्रोत्साहित करने के लिए झारखंड स्टेट टूरिज्म अवार्ड-2026 की घोषणा की है. पुरस्कार के लिए आवेदन प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू हो चुकी है. इच्छुक प्रतिभागी 10 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. पुरस्कार समारोह का आयोजन 27 सितंबर को विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर किया जाएगा.

इस साल पर्यटन क्षेत्र में बेहतर योगदान के लिए कुल 18 अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे. चयनित विजेताओं को प्रमाण पत्र, पट्टिका, स्मृति चिह्न और स्मृति उपहार देकर सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा पुरस्कार पाने वाले प्रतिभागियों को झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से किसी एक स्थान पर ठहरने का पैकेज भी दिया जाएगा.

पुरस्कार की श्रेणियों में स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पर्यटन स्थल को भी शामिल किया गया है. इसके साथ सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म ऑपरेटर, बेहतरीन इनबाउंड टूर ऑपरेटर या ट्रैवल एजेंट, सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और पर्यटन के प्रचार-प्रसार में डिजिटल मीडिया का प्रभावी इस्तेमाल करने वालों को भी सम्मानित किया जाएगा.

इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ MICE डेस्टिनेशन, झारखंड पर्यटन विकास निगम (JTDC) के सर्वश्रेष्ठ होटल, पर्यटन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले और सर्वश्रेष्ठ प्रकाशन को भी पुरस्कार दिया जाएगा. इस बार पुरस्कारों में पर्यावरण संरक्षण और पर्यटकों की सुरक्षा से जुड़े कार्यों को भी विशेष महत्व दिया गया है.

पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर पहल करने वाले प्रतिभागियों के लिए अलग श्रेणी रखी गई है. वहीं पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले गाइड, लाइफगार्ड, सुरक्षा गार्ड, पर्यटक मित्र और लोगों की जान बचाने में योगदान देने वाले प्रबंधकों को भी सम्मानित किया जाएगा.

आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रखी गई है. आवेदक को निर्धारित प्रारूप में अपनी उपलब्धियों का अधिकतम 250 शब्दों में विवरण देना होगा. इसके साथ व्यक्ति या संस्था की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीर भी जमा करनी होगी.

इच्छुक उम्मीदवार 10 सितंबर तक सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे के बीच अपना आवेदन पर्यटन निदेशालय, एमडीआई भवन, द्वितीय तल, धुर्वा, रांची में जमा कर सकते हैं. विभाग ने साफ किया है कि ई-मेल के जरिए भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे. इसलिए इच्छुक प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर आवेदन कार्यालय में जमा करना होगा.