झारखंड SIR: मतदाता जागरूकता अभियान होगा तेज, हर ELC को SIR के दौरान करना होगा एक कार्यक्रम

झारखंड में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से न छूटे, इसके लिए निर्वाचन विभाग मतदाता जागरूकता अभियान को तेज करने की तैयारी में है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए.

झारखंड SIR: मतदाता जागरूकता अभियान होगा तेज, हर ELC को SIR के दौरान करना होगा एक कार्यक्रम

रांची(RANCHI): झारखंड में कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से न छूटे, इसके लिए निर्वाचन विभाग मतदाता जागरूकता अभियान को तेज करने की तैयारी में है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि SIR के दौरान हर ELC को कम से कम एक मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना होगा.

राज्य में कुल 5,535 ELC बनाने का लक्ष्य रखा गया है. इनमें से अब तक 4,461 क्लब गठित हो चुके हैं और सक्रिय हैं. अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम चलाकर विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की जानकारी दी जाए.

युवाओं को फॉर्म-6 भरने के लिए करेंगे प्रेरित

के. रवि कुमार ने कहा कि जिन भारतीय नागरिकों की उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जो संबंधित मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, उन्हें नियमों के अनुसार मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जाए. इसके लिए युवाओं को ECINET ऐप के माध्यम से फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरने की जानकारी दी जाएगी. जरूरत पड़ने पर ELC के समन्वयक उन्हें आवेदन करने में मदद भी करेंगे.

सोशल मीडिया से भी फैलाई जाएगी जागरूकता

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जागरूकता कार्यक्रमों को सोशल मीडिया पर साझा करने को कहा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक सही जानकारी पहुंचे. उन्होंने फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा मतदाता पंजीकरण के नियमों को स्पष्ट रूप से समझाने पर भी जोर दिया.

बेहतर काम करने वाले क्लब होंगे सम्मानित

25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर बेहतर काम करने वाले ELC को जिला और राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाएगा. राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्लब का नाम राष्ट्रीय कार्यक्रम के लिए भी भेजा जाएगा.