झारखंड SIR: फॉर्म-6 के 9.72 लाख आवेदन डिजिटाइज, 22 दिसम्बर को जारी होगा फाइनल वोटर लिस्ट
झारखंड में SIR के तहत फॉर्म-6 के 9.72 लाख से अधिक आवेदन डिजिटाइज हुए. फाइनल वोटर लिस्ट 22 दिसंबर को जारी होगी. ASDD सूची में नाम होने पर मतदाता इन्यूमरेशन फॉर्म जरूर भरें.
रांची (RANCHI): झारखंड में SIR अभियान जारी है. ऐसे में अगर आपने अभी भी अपना नाम वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं कराया है तो आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. आपके पास अभी भी समय है. ऐसे में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय की ओर से 25 नवंबर 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम जारी है. अब तक फॉर्म-6 के जरिए 9.72 लाख से अधिक आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. वहीं, फॉर्म-7 के माध्यम से 2.16 लाख से अधिक आवेदन और आपत्तियां दर्ज की गई हैं. निर्वाचन विभाग ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तारीख भी तय कर दी है. अब झारखंड की फाइनल वोटर लिस्ट 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी.
फॉर्म-6 के 9.72 लाख से अधिक आवेदन डिजिटाइज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 तक फॉर्म-6 के माध्यम से कुल 9,72,418 आवेदन डिजिटाइज किए गए थे. इसके अलावा 24 नवंबर को 2,502 नए आवेदन डिजिटाइज किए गए. वहीं, फॉर्म-6A के तहत अब तक कुल 137 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं. 24 नवंबर को इस श्रेणी में कोई नया आवेदन दर्ज नहीं किया गया.
दूसरी ओर, फॉर्म-7 के जरिए मतदाता सूची में नाम जोड़ने पर आपत्ति और नाम हटाने से संबंधित कुल 2,16,278 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. 24 नवंबर को इसमें 5,371 नए आवेदन जुड़े. वहीं, फॉर्म-8 के माध्यम से अब तक 5,97,813 आवेदन डिजिटाइज किए गए हैं. 24 नवंबर को इस श्रेणी में 1,334 नए आवेदन दर्ज हुए.
22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन विभाग के मुताबिक, झारखंड में SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची यानी फाइनल रोल का प्रकाशन 22 दिसंबर 2026 को किया जाएगा. ऐसे में दावा और आपत्ति के दौरान प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन और उनके सत्यापन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण हो गई है. मतदाताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने नाम और विवरण से जुड़ी जानकारी पर नजर बनाए रखें.
ASDD सूची में नाम है तो भरें इन्यूमरेशन फॉर्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने मतदाताओं से एक खास अपील भी की है. विभाग के अनुसार, यदि किसी मतदाता का नाम किसी कारणवश ASDD सूची में शामिल हो गया है, तो उसे अपना इन्यूमरेशन फॉर्म जरूर भरना चाहिए. भारत निर्वाचन आयोग ऐसे मतदाताओं को एक बार फिर अपना विवरण दर्ज कराने का अवसर दे रहा है. इसलिए मतदाता इस मौके का लाभ उठाएं, ताकि उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके. तो देर न करें. जरूरी आवेदन और दस्तावेजों के साथ संबंधित प्रक्रिया जल्द पूरी करें, ताकि मतदाता सूची में आपका नाम शामिल हो सके और आप मतदान के अधिकार से वंचित न रहें.