झारखंड SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अब भी मौका! 31 अक्टूबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

झारखंड में SIR को लेकर प्रक्रिया लगातार तेजी से बढ़ रही है. 31 अक्टूबर दावा आपत्ति का अंतिम दिन है वही 30 नवंबर को वोटर लिस्ट की सूची जारी की जाएगी.

झारखंड SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का अब भी मौका! 31 अक्टूबर तक पूरी होगी प्रक्रिया

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेजी से बढ़ रही है. ऐसे में अगर आपका नाम वोटर लिस्ट में अब भी नहीं है तो घबराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि आपके पास वोटर लिस्ट नाम दर्ज कराने का अब भी मौका है. भारत निर्वाचन आयोग ने झारखंड में SIR की प्रक्रिया आगे बढ़ाकर 31 अक्टूबर कर दी है वहीं 30 नवंबर को मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

दरअसल, झारखंड के  मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने सभी ईआरओ एवं एईआरओ को निर्देश दिया कि 22 अक्टूबर 2026 तक ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची तैयार की जाए, जिनकी दो बार नोटिस सुनवाई के बावजूद आवश्यक दस्तावेज प्राप्त नहीं हुए हैं.  नवंबर के पहले सप्ताह में बीएलओ एवं बीएलए-2 की 5वीं बैठक निर्धारित की जानी है.

के. रवि कुमार ने कहा कि यदि सत्यापन में किसी व्यक्ति का नाम अन्य राज्य अथवा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज पाया जाता है और वह संबंधित मतदान केंद्र की सूची में अपना नाम नहीं रखना चाहता, तो नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नाम विलोपित करने की कार्रवाई की जाएगी.

साथ ही मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने रजिस्टर में वैसे नए और युवा पात्र भारतीय नागरिकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया जिन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन दिया है, लेकिन  घोषणा पत्र के लिए आवश्यक सहायक दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं. ऐसे आवेदकों से संपर्क कर उन्हें दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता प्रदान की जाए, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.

बैठक में फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के आवेदनों तथा नोटिस सुनवाई के बाद पारित स्पीकिंग ऑर्डर के ECINET पर डिजिटलीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया. अब देखना होगा की SIR की प्रक्रिया समय पर हो पाती है या फिर से तारीख को बढ़ाया जाएगा.