Jharkhand SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-सुधारने के लिए आए लाखों आवेदन, जाना लें आखिरी तारीख

झारखंड SIR के तहत 5 सितंबर तक फॉर्म-6 के 3.41 लाख से अधिक आवेदन मिले हैं. दावा-आपत्ति की अंतिम तारीख 15 सितंबर है, जबकि अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को जारी होगी.

Jharkhand SIR 2026: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-सुधारने के लिए आए लाखों आवेदन, जाना लें आखिरी तारीख

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर अभियान जारी है. ऐसे में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए हैं. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से 6 सितंबर 2026 को जारी SIR बुलेटिन के अनुसार, 5 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए कुल 3,41,583 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें अकेले 5 सितंबर को 17,622 आवेदन मिले. फॉर्म-6 के जरिए नए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जाता है. इसके अलावा फॉर्म-6A के माध्यम से कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिसमें 5 सितंबर को एक आवेदन शामिल है.

दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में नाम हटाने या किसी के प्रवेश पर आपत्ति से जुड़े फॉर्म-7 के तहत अब तक कुल 2,302 आवेदन और आपत्तियां प्राप्त हुई हैं. इनमें 5 सितंबर को 401 आवेदन मिले. वहीं, मतदाता सूची में नाम, पता या अन्य विवरण में सुधार और बदलाव के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से कुल 2,18,856 आवेदन प्राप्त हुए हैं. 5 सितंबर को फॉर्म-8 के तहत 9,692 आवेदन आए. आंकड़ों से साफ है कि SIR प्रक्रिया के दौरान बड़ी संख्या में मतदाता अपने नाम और विवरण को लेकर दावे, आपत्तियां और संशोधन संबंधी आवेदन कर रहे हैं.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अनुसार, SIR के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. यानी जिन मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम, विवरण या किसी अन्य प्रविष्टि को लेकर दावा या आपत्ति दर्ज करनी है, उनके पास अभी मौका है. दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची तैयार की जाएगी. झारखंड में Final Electoral Roll का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाना है. निर्वाचन विभाग की पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य मतदाता सूची को अपडेट करना और पात्र मतदाताओं के नाम एवं विवरण को सही तरीके से शामिल करना है.