झारखंड SIR 2026: फॉर्म-6 और फॉर्म-8 के आवेदनों में बढ़ोतरी, 19 अक्टूबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 6 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम जारी है.
रांची (RANCHI): झारखंड में SIR अभियान चल रहा है. 30 अक्टूबर को भले ही दावा आपत्ति खत्म हो गई हो लेकिन अभी भी डिजिटाइजेशन का काम चल रहा है. ऐसे में SIR की प्रक्रिया लगातार चल रही है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की 6 अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त आवेदनों के डिजिटाइजेशन का काम जारी है. बात करें 5 अक्टूबर की तक की तो फॉर्म-6 के कुल 7,40,169 आवेदन डिजिटाइज किए जा चुके हैं. इनमें 5 अक्टूबर को ही 7,192 आवेदनों की एंट्री की गई. वहीं फॉर्म-6A के जरिए अब तक 116 आवेदन डिजिटाइज हुए हैं, जबकि 5 अक्टूबर को इस फॉर्म के तहत कोई नया आवेदन डिजिटाइज नहीं किया गया.
इसी तरह फॉर्म-7 के तहत अब तक कुल 14,294 आवेदन या आपत्तियां डिजिटाइज की जा चुकी हैं. इनमें 5 अक्टूबर को 478 आवेदन शामिल किए गए. दूसरी ओर, फॉर्म-8 के जरिए प्राप्त आवेदनों का आंकड़ा 4,89,859 तक पहुंच गया है. सिर्फ 5 अक्टूबर को फॉर्म-8 के 3,887 आवेदन डिजिटाइज किए गए. निर्वाचन विभाग के मुताबिक, SIR के दौरान बीएलओ को प्राप्त फॉर्म-6, 6A, 7 और 8 के आवेदनों को डिजिटल रिकॉर्ड में दर्ज करने की प्रक्रिया लगातार चल रही है.
निर्वाचन विभाग की ओर से पात्र भारतीय नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आउटरीच गतिविधियां और विशेष कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं. ये इसलिए क्योंकि SIR प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाए. दावा और आपत्ति से जुड़े आवेदनों के निस्तारण के बाद SIR की अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी. विभाग के अनुसार झारखंड की अंतिम सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी. इससे पहले प्राप्त दावों, आपत्तियों और अलग अलग फॉर्म के आवेदनों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.