झारखंड SIR 2026: आज से ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ शुरू! घर-घर पहुंचेंगे BLO, 4 सितंबर तक चलेगा अभियान

झारखंड में SIR के तहत आज से 4 सितंबर तक घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान चलेगा. BLO परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम और मतदान केंद्र की जानकारी की जांच करेंगे.

झारखंड SIR 2026: आज से ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ शुरू! घर-घर पहुंचेंगे BLO, 4 सितंबर तक चलेगा अभियान

रांची (RANCHI): झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत मंगलवार से ‘होम टू रोल वेरीफिकेशन’ अभियान शुरू किया जा रहा है. यह अभियान 4 सितंबर तक चलेगा, जिसके दौरान बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि एक ही परिवार और घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम यथासंभव एक ही मतदान केंद्र की सूची में दर्ज हों. साथ ही, कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे. यह प्रक्रिया 5 अगस्त को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी.

सत्यापन के दौरान BLO यह जांच करेंगे कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल हैं या नहीं. जिन पात्र लोगों का नाम सूची में नहीं है, उनके द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा किया गया है या नहीं, इसकी भी जानकारी ली जाएगी. इसके अलावा, यह भी देखा जाएगा कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं. यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास क्षेत्र के बजाय किसी दूसरे मतदान केंद्र की सूची में दर्ज है, तो उसे सही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में BLO आवश्यक सहयोग करेंगे. इसका लक्ष्य ‘एक परिवार–एक मतदान केंद्र’ व्यवस्था को प्रभावी बनाना है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि झारखंड में सामान्य रूप से रहने वाले ऐसे लोग, जिनका नाम फिलहाल बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज है, वे भी अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 के साथ निर्धारित घोषणापत्र जमा कर सकते हैं. BLO उन्हें प्रक्रिया की जानकारी और आवश्यक सहायता देंगे. वहीं, घर-घर सत्यापन के दौरान ‘फैमिली टूगेदर स्टीकर’ भी लगाए जाएंगे. स्टीकर के जरिए परिवारों से अपील की जाएगी कि सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की सूची में दर्ज हों. स्टीकर पर घर या नजरी गृह संख्या के साथ BLO से संपर्क की जानकारी भी उपलब्ध होगी.