झारखंड SIR 2026: 25 अगस्त से शुरू होगा ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’, घर-घर जाकर मतदाताओं का होगा सत्यापन
झारखंड में 25 अगस्त से 4 सितंबर तक ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान चलेगा. BLO घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और एक परिवार-एक मतदान केंद्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने की पहल करेंगे.
रांची (RANCHI): झारखंड में SIR अभियान लगातार जारी है जहां मतदाता सूची को और अधिक व्यवस्थित एवं सटीक बनाने के लिए 25 अगस्त से राज्यभर में ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि यह अभियान 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक चलेगा. इसके तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं और उनके परिवार के सदस्यों का सत्यापन करेंगे. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य एक ही परिवार और घर में रहने वाले पात्र मतदाताओं के नाम जहां तक संभव हो, एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज कराना है. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि SIR के तहत 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी. अब घर-घर सत्यापन के जरिए यह जांच की जाएगी कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम प्रारूप मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं. जिन पात्र लोगों का नाम सूची में दर्ज नहीं है, उनके द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 और घोषणापत्र जमा किया गया है या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी. इसके अलावा BLO यह देखेंगे कि एक ही परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों की मतदाता सूची में तो दर्ज नहीं हैं. यदि किसी मतदाता का नाम उसके सामान्य निवास से जुड़े मतदान केंद्र के बजाय किसी अन्य केंद्र पर दर्ज है, तो उसे सही मतदान केंद्र पर स्थानांतरित कराने के लिए फॉर्म-8 भरने में सहायता दी जाएगी. इसका उद्देश्य ‘एक परिवार-एक मतदान केंद्र’ की व्यवस्था को प्रभावी बनाना है.
के. रवि कुमार ने बताया कि झारखंड में सामान्य रूप से निवास करने वाले ऐसे मतदाता, जिनके नाम फिलहाल बिहार, पश्चिम बंगाल या किसी अन्य राज्य की मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे भी अपना नाम झारखंड के वर्तमान सामान्य निवास वाले मतदान केंद्र की सूची में स्थानांतरित करा सकते हैं. इसके लिए उन्हें फॉर्म-8 के साथ निर्धारित घोषणापत्र जमा करना होगा. अभियान के दौरान सभी परिवारों में ‘Family Together Sticker’ लगाने की भी पहल की जाएगी. स्टिकर के जरिए परिवारों से अपील की जाएगी कि घर के सभी वयस्क और पात्र सदस्यों के नाम एक ही मतदान केंद्र की मतदाता सूची में दर्ज हैं या नहीं, इसकी जांच करें. स्टिकर पर संबंधित घर या नजरी गृह संख्या दर्ज करने के साथ BLO से संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी. इस पूरी प्रक्रिया को 4 सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र भारतीय नागरिकों से ‘होम टू रोल वेरिफिकेशन’ अभियान में BLO को सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मतदाता अपने और परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण की जांच जरूर करें. यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम प्रारूप सूची में नहीं है, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें. वहीं, परिवार के सदस्य अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं तो फॉर्म-8 के जरिए सुधार या स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. युवा मतदाता ECINET के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर और e-Sign सुविधा का उपयोग करते हुए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. मतदाता किसी भी तरह की जानकारी या समस्या के लिए ECINET के ‘Book a Call’ फीचर से संबंधित BLO से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर भी संपर्क किया जा सकता है.