भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की धमक, CM हेमंत सोरेन ने किया पवेलियन का उद्घाटन

दिल्ली के भारत मंडपम में भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के दौरान CM हेमंत सोरेन ने झारखंड पवेलियन का उद्घाटन किया. 800 वर्ग फीट में बने पवेलियन में 22 स्टॉल लगाए गए हैं.

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड की धमक, CM हेमंत सोरेन ने किया पवेलियन का उद्घाटन

रांची (RANCHI): दिल्ली में आयोजित भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF) में शनिवार को झारखंड पवेलियन का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया. इस दौरान झारखंड की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, चित्रकला और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है. पवेलियन के जरिए झारखंड की संस्कृति और यहां के उत्पादों को देश-दुनिया के लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगाए गए अलग-अलग स्टॉलों का जायजा लिया. उन्होंने वहां मौजूद कलाकारों, उद्यमियों और अन्य प्रतिभागियों से बातचीत की और उनके काम व उत्पादों के बारे में जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने झारखंड की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों की सराहना की. साथ ही अधिकारियों और उद्यमियों से कहा कि राज्य के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने के लिए बेहतर प्रयास किए जाएं.

800 वर्ग फीट में तैयार किया गया है पवेलियन

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में झारखंड पवेलियन को 800 वर्ग फीट क्षेत्र में बनाया गया है. यहां उद्योग विभाग, खान विभाग, पर्यटन विभाग, खादी बोर्ड और जेएसएलपीएस समेत अलग-अलग विभागों और संस्थाओं के कुल 22 स्टॉल लगाए गए हैं. इन स्टॉलों पर झारखंड की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन स्थल, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों को जगह दी गई है. यहां आने वाले लोग राज्य के अलग-अलग उत्पादों को करीब से देख और उनके बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं.

स्थानीय कलाकारों और उद्यमियों को मिलेगा बड़ा बाजार

भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला देश के प्रमुख व्यापारिक आयोजनों में से एक है. इसमें देश-विदेश के व्यापारी, खरीदार और बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. ऐसे में झारखंड पवेलियन स्थानीय कलाकारों, छोटे कारोबारियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने का अच्छा मौका है. इससे झारखंड के पारंपरिक उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय उद्यमियों को कारोबार बढ़ाने का अवसर भी मिल सकता है. मेले के माध्यम से राज्य की कला, संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.