झारखण्ड विधानसभा विशेष सत्र: मंत्री इरफ़ान का चंपाई पर तंज, कहा -आरएसएस की भाषा बोल समाज से कर रहे गद्दारी
झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा और चंपाई सोरेन पर निशाना साधा. उन्होंने चंपाई सोरेन पर आरएसएस की भाषा बोलने और अपनी कौम से गद्दारी करने का आरोप लगाया.
रांची (RANCHI): झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दूसरे दिन सदन में MMDR को लेकर चर्चा होनी है. चर्चा से पहले विधानसभा परिसर में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला. जहां विपक्षी विधायकों ने विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया, वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के नेताओं पर निशाना साधा. इस दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने भाजपा और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन पर तीखा हमला बोला.
मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में आदिवासी और अल्पसंख्यक समुदायों को बांटने की साजिश चल रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा आदिवासी, दलित और मुस्लिम समुदाय की एकजुटता से परेशान है. इरफान अंसारी के मुताबिक, ये समुदाय भाजपा को वोट नहीं देते हैं, इसलिए उनके वोट को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड में इस साजिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को झारखंड लाकर पूरे मामले की सच्चाई दिखाई जाएगी.
चंपाई सोरेन पर निशाना साधते हुए इरफान अंसारी ने कहा कि उन्होंने सदन में आदिवासी और मुस्लिम समुदायों के बीच एकजुटता को लेकर तोड़ने वाला बयान दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन ने चंपाई सोरेन को सम्मान दिया और मुख्यमंत्री बनाया, लेकिन उन्होंने पीठ में छुरा मारने का काम किया. मंत्री ने कहा कि चंपाई सोरेन अब बिना वजह MMDR के मुद्दे पर बयान दे रहे हैं.
इरफान अंसारी ने भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि बाबूलाल मरांडी को भी झारखंड में मौका मिला था, लेकिन उन्होंने क्या किया, यह जनता देख चुकी है. जनता ने उन्हें नकार दिया, जिसके बाद अब वह भाजपा में जाकर राजनीति कर रहे हैं. मंत्री ने आरोप लगाया कि चंपाई सोरेन आरएसएस की भाषा बोल रहे हैं और अपनी ही कौम के साथ गद्दारी कर रहे हैं.