रांची (RANCHI): झारखंड पुलिस महकमे से एक अहम खबर सामने आई है. राज्य के जेल महानिरीक्षक (आईजी) और 2006 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुदर्शन मंडल की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई. सीने में तेज दर्द और बेचैनी महसूस होने के बाद उन्हें तत्काल रांची के कोकर स्थित सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों की शुरुआती जांच में उन्हें हार्ट अटैक आने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर गहन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है.
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, भर्ती के समय सुदर्शन मंडल की स्थिति गंभीर थी. उन्हें तुरंत कार्डियक केयर यूनिट में शिफ्ट किया गया, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रही है. उनकी आवश्यक जांचें और इलाज जारी हैं. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और पुलिस विभाग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक हेल्थ बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.
सुदर्शन मंडल भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 2006 बैच के अधिकारी हैं. झारखंड पुलिस में उन्हें एक अनुशासित, ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी के रूप में जाना जाता है. वर्तमान में वे जेल आईजी के महत्वपूर्ण पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले भी उन्होंने राज्य में कई अहम प्रशासनिक और पुलिस पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं. जेल आईजी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में चिंता का माहौल है. कई वरिष्ठ अधिकारी, सहकर्मी और शुभचिंतक सैमफोर्ड अस्पताल पहुंचकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं. सभी उनकी जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.

