झारखंड हाईकोर्ट ने जारी किया 2027 का कैलेंडर, जानें कितने दिन खुलेगा Court, कब-कब रहेंगी छुट्टियां और Half-Day
झारखंड हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 का वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है. इसके मुताबिक 52 रविवार के अलावा हाईकोर्ट में 73 दिनों की छुट्टियां रहेंगी. वहीं मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, अनंत चतुर्दशी और महालया पर हाफ-डे रहेगा, जबकि तीन तारीखों को विशेष कार्यदिवस रखा गया है.
रांची(RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट ने वर्ष 2027 के लिए अपना वार्षिक कैलेंडर जारी कर दिया है. इसमें पूरे साल कोर्ट में होने वाले कामकाज के साथ छुट्टियों, ग्रीष्मावकाश और हाफ-डे की जानकारी दी गई है. कैलेंडर झारखंड हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया गया है.
नए कैलेंडर के मुताबिक साल 2027 में कब कोर्ट बंद रहेगा और किन तारीखों पर विशेष रूप से कामकाज होगा, इसकी जानकारी पहले ही तय कर दी गई है.
52 रविवार के अलावा 73 दिनों की छुट्टी
साल 2027 में कुल 52 रविवार पड़ रहे हैं. इसके अलावा हाईकोर्ट में 73 दिनों की छुट्टियां रहेंगी. इनमें होली, पूजा समेत अलग-अलग त्योहारों की छुट्टियों के साथ ग्रीष्मावकाश और शीतकालीन अवकाश भी शामिल हैं.
कैलेंडर में पूरे साल के लिए कोर्ट के कार्यदिवसों की भी जानकारी दी गई है.
चार मौकों पर रहेगा हाफ-डे
2027 में चार मौकों पर हाईकोर्ट में हाफ-डे रहेगा. इनमें मकर संक्रांति, रक्षाबंधन, अनंत चतुर्दशी और महालया शामिल हैं.
इन दिनों हाईकोर्ट में सामान्य दिनों के मुकाबले कामकाज के समय में बदलाव रहेगा. हाफ-डे वाले दिन कोर्ट दोपहर 2:15 बजे से, जबकि कार्यालय दोपहर 2 बजे से संचालित होगा.
इन तारीखों को रहेगा विशेष कार्यदिवस
कैलेंडर में कुछ तारीखों को विशेष कार्यदिवस के रूप में भी रखा गया है. इनमें 18 सितंबर, 20 अक्टूबर और 4 नवंबर शामिल हैं. इन तारीखों पर हाईकोर्ट में कामकाज होगा.
चांद दिखने पर बदल सकती है छुट्टी की तारीख
हाईकोर्ट ने कैलेंडर में यह भी साफ किया है कि ईद-उल-फितर और मुहर्रम की छुट्टी की तारीख चांद दिखाई देने के आधार पर बदल सकती है. कैलेंडर में फिलहाल ईद-उल-फितर के लिए 10 मार्च और मुहर्रम के लिए 16 जून की तारीख दी गई है.
इसके अलावा ईस्टर मंडे यानी 29 मार्च और चेहल्लुम यानी 25 जुलाई को संबंधित मुस्लिम और ईसाई कर्मचारियों के लिए प्रतिबंधित अवकाश का प्रावधान रखा गया है.