झारखंड हाईकोर्ट को मिले तीन नए जज, चीफ जस्टिस ने दिलाई शपथ

झारखंड हाईकोर्ट में मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा ने न्यायाधीश पद की शपथ ली. इसके साथ ही हाईकोर्ट में जजों की संख्या बढ़कर 16 हो गई

झारखंड हाईकोर्ट को मिले तीन नए जज, चीफ जस्टिस ने दिलाई शपथ

रांची (RANCHI): झारखंड हाईकोर्ट में बुधवार को तीन नवनियुक्त न्यायाधीशों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था जहां चीफ जस्टिस एमएस सोनक ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश (PDJ) मनोज प्रसाद, अखिल कुमार और राम शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई है. समारोह में तीनों न्यायाधीशों ने शपथ ली है जहां सबसे पहले मनोज प्रसाद, फिर अखिल कुमार और अंत में राम शर्मा ने पदभार ग्रहण करने की शपथ ली.

शपथ ग्रहण कार्यक्रम हाईकोर्ट के ग्राउंड फ्लोर पर हुआ. इस दौरान हाईकोर्ट के सभी न्यायाधीश, अधिवक्ता, नवनियुक्त न्यायाधीशों के परिवार के सदस्य और अन्य अतिथि मौजूद रहे. कार्यक्रम की शुरुआत नियुक्ति से संबंधित दस्तावेजों के पाठ से हुई. हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल सत्य प्रकाश सिन्हा ने केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय की अधिसूचना और राष्ट्रपति की ओर से जारी नियुक्ति वारंट को पढ़कर सुनाया.

Image

तीनों न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ ही झारखंड हाईकोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. इससे न्यायिक कार्यों के संचालन के लिए हाईकोर्ट में उपलब्ध न्यायाधीशों की संख्या में इजाफा हुआ है.

बता दें कि हाईकोर्ट के नए न्यायाधीश बनने से पहले मनोज प्रसाद गढ़वा, अखिल कुमार साहेबगंज और राम शर्मा डालटनगंज में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के पद पर कार्यरत थे. न्यायिक सेवा में कार्य करने के बाद अब तीनों को झारखंड हाईकोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नई जिम्मेदारी मिली है. शपथ समारोह के दौरान मौजूद लोगों ने नवनियुक्त न्यायाधीशों को शुभकामनाएं दीं.