फिल्म रामायण पर झारखंड हाईकोर्ट में PIL! विवादित सीन हटाने और रिलीज पर रोक लगाने की मांग

नितेश तिवारी की फिल्म रामायण के विवादित दृश्यों को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में PIL दाखिल हुई है. फिल्म पर रोक, दृश्यों को हटाने और कमाई का 50 फीसदी राम मंदिर ट्रस्ट को देने की मांग की गई है.

फिल्म रामायण पर झारखंड हाईकोर्ट में PIL! विवादित सीन हटाने और रिलीज पर रोक लगाने की मांग

रांची (RANCHI): नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘रामायण’ विवादों में घिर गई है. फिल्म के कुछ दृश्यों और किरदारों के चित्रण पर आपत्ति जताते हुए झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दाखिल की गई है. याचिका में फिल्म के विवादित अंशों को हटाने और तब तक इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की गई है. इतना ही नहीं, याचिकाकर्ता ने फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की भी मांग की है. यह जनहित याचिका संतोष कुमार की ओर से अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी ने दाखिल की है. याचिका में मांग की गई है कि फिल्म को महर्षि वाल्मीकि की रामायण के अनुरूप प्रस्तुत किया जाए, ताकि भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण के चरित्र का चित्रण धार्मिक ग्रंथों और परंपराओं के अनुसार हो सके.

लक्ष्मण और माता सीता के दृश्यों पर जताई आपत्ति

याचिकाकर्ता की ओर से फिल्म के कई दृश्यों को लेकर सवाल उठाए गए हैं. अधिवक्ता संतोष कुमार सोनी के अनुसार, कैकेयी द्वारा राजा दशरथ से दो वरदान मांगने और भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास मिलने के प्रसंग में लक्ष्मण का व्यवहार रघुकुल की मर्यादा और परंपरा के अनुरूप नहीं दिखाया गया है. इसके अलावा सूर्पणखा की नाक काटे जाने वाले दृश्य पर भी आपत्ति जताई गई है. याचिका में कहा गया है कि इस प्रसंग में माता सीता द्वारा विरोध जताना और भगवान राम द्वारा इस कृत्य को गलत ठहराना अतार्किक है. फिल्म में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण को भागते हुए दिखाए जाने पर भी सवाल उठाए गए हैं. याचिकाकर्ता का तर्क है कि रामायण में भगवान राम को एक साहसी योद्धा के रूप में दर्शाया गया है.

रावण के किरदार को ज्यादा महत्व देने पर सवाल

याचिका में सोने के हिरण यानी मारीच को देखकर माता सीता के मुंह से ‘राम’ शब्द निकलने वाले दृश्य पर भी आपत्ति जताई गई है. याचिकाकर्ता ने भारतीय परंपरा और सभ्यता का हवाला देते हुए इसे अनुचित बताया है. वहीं, फिल्म में रावण के किरदार को भगवान राम से अधिक महत्व देने और उसे मुख्य भूमिका के रूप में प्रस्तुत करने पर भी सवाल उठाए गए हैं. याचिका में कहा गया है कि फिल्म के जरिए भगवान राम की छवि धूमिल नहीं होनी चाहिए.

प्रोड्यूसर से लेकर केंद्र और राज्य सरकार तक पक्षकार

याचिका में फिल्म के निर्माता, निर्देशक, कहानी लेखक, केंद्र सरकार और झारखंड सरकार को प्रतिवादी बनाया गया है. याचिकाकर्ता ने विवादित दृश्यों को हटाने तक फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने के साथ-साथ फिल्म की कुल कमाई का 50 फीसदी हिस्सा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को देने की मांग की है. फिलहाल यह मामला फिल्म को लेकर उठे विवाद के कारण चर्चा में है.