Big Update : केंद्र के नए खनन कानून ( MMDR) के खिलाफ झारखंड विधानसभा में प्रस्ताव, हेमंत सोरेन ने की वापसी की मांग
झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने केंद्र के नए MMDR संशोधन कानून को वापस लेने का प्रस्ताव पेश किया. राज्य को हर साल 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई गई है.
रांची (RANCHI): झारखंड सरकार ने केंद्र के नए खनन संशोधन कानून को वापस लेने की मांग करते हुए विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गुरुवार को सदन के समक्ष इस कानून पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने का प्रस्ताव रखा. सरकार का कहना है कि केंद्र के नए कानून से राज्य के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार प्रभावित होंगे. इसके लागू होने से झारखंड को हर साल करीब 13 हजार करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है.
इससे पहले खान एवं भूतत्व विभाग के प्रभारी मंत्री और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सदन में राजकीय संकल्प पेश करने की जानकारी दी थी. विधानसभा सचिवालय के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार की ओर से 25 नवंबर को जारी पत्र में बताया गया है कि केंद्र सरकार ने 17 अगस्त 2026 को The Mines and Minerals (Development and Regulation) Amendment Act, 2026 अधिसूचित किया है. राज्य सरकार के अनुसार, इस संशोधन के जरिए खनिज अधिकारों और खनिजयुक्त भूमि पर कर, उपकर या सेस लगाने की राज्यों की शक्तियों को सीमित किया गया है. साथ ही, पुराने बकाया और वसूली नहीं हो सकी राशि से जुड़े दावों को भी अमान्य कर दिया गया है.
राजस्व में कमी से जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा असर
राज्य सरकार ने प्रस्ताव में आशंका जताई है कि नए कानून के कारण झारखंड को प्रतिवर्ष लगभग 13 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है. इससे सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, कृषि और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं के लिए संसाधन जुटाना मुश्किल हो सकता है. सरकार का कहना है कि इससे विकास कार्यों के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन पर भी असर पड़ने की संभावना है.
प्रस्ताव में झारखंड की सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया गया है. खनिज संपदा से समृद्ध होने के बावजूद राज्य में बड़ी आबादी आदिवासी और वंचित समुदायों की है. खनन क्षेत्रों में अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, आदिम जनजाति और पिछड़े वर्ग के लोग रहते हैं. खनन गतिविधियों के कारण विस्थापन, भूमि से बेदखली, पर्यावरणीय क्षति और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव का सबसे अधिक प्रभाव इन्हीं समुदायों पर पड़ता है.
सरकार के मुताबिक, झारखंड ने ‘झारखंड मिनरल बेयरिंग लैंड सेस अधिनियम, 2024’ के माध्यम से खनन प्रभावित क्षेत्रों और वंचित समुदायों के विकास के लिए सालाना करीब 13 हजार करोड़ रुपये जुटाने की व्यवस्था की थी. इस राशि से प्रभावित लोगों के उत्थान और कल्याणकारी योजनाओं को गति देने का प्रयास किया जा रहा था. राज्य सरकार का दावा है कि नए केंद्रीय कानून से इस व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ेगा.
सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला, राज्यों के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग
राजकीय संकल्प में जुलाई 2024 में सुप्रीम कोर्ट की नौ न्यायाधीशों वाली संवैधानिक पीठ के फैसले का भी हवाला दिया गया है. Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India Ltd. मामले में अदालत ने स्पष्ट किया था कि खनिजयुक्त भूमि भी भूमि की श्रेणी में आती है. संविधान की सातवीं अनुसूची की राज्य सूची की प्रविष्टि-49 के तहत राज्यों को ऐसी भूमि पर कर या उपकर लगाने का अधिकार है. इसके निर्धारण में खनिज के मूल्य या उत्पादन को आधार बनाया जा सकता है.
राज्य सरकार का मानना है कि खनिज संसाधनों से होने वाले नुकसान की भरपाई और खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए यह अधिकार बेहद महत्वपूर्ण है. प्रस्ताव में केंद्र सरकार से नए कानून पर पुनर्विचार करने और इसे वापस लेने की मांग की गई है, ताकि राज्यों के संवैधानिक और वित्तीय अधिकार सुरक्षित रह सकें.
सरकार ने यह भी कहा है कि खनन से प्रभावित आदिवासी, पिछड़े, दलित और महिला समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए योजनाओं को प्रभावी ढंग से जारी रखना जरूरी है. मंत्रिपरिषद की स्वीकृति की प्रत्याशा में मुख्यमंत्री का अनुमोदन मिलने के बाद इस प्रस्ताव को विधानसभा के विशेष सत्र में चर्चा के लिए रखा गया है.