झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस 22 नवंबर को, इस बार नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस पर इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे. 22 नवंबर को सेंट्रल हॉल में समारोह आयोजित होगा, जिसमें उत्कृष्ट विधायक और विधानसभा कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा.

झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस 22 नवंबर को, इस बार नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम

रांची (RANCHI): हर साल झारखंड दिवस के दिन राज्य में भव्य करुकरम का आयोजन किया जाता है लेकिन इस बार ऐसा कुछ विशेष नहीं हुआ. ऐसे में 15 नवंबर बीत चुके है और अब 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस है. ऐसे में उस दिन भी कोई विशेष कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा. राज्य के राजनीतिक जगत से जुड़े कई लोगों के निधन और मौजूदा शोक की स्थिति को देखते हुए इस बार समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे. हालांकि, उत्कृष्ट विधायक और उत्कृष्ट विधानसभा कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा जारी रहेगी. समारोह का मुख्य आयोजन 22 नवंबर को विधानसभा के सेंट्रल हॉल में होगा.

इस संबंध में विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने मंगलवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आमंत्रण दिया. समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो के अलावा सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक तथा पूर्व विधायक शामिल होंगे.

सेंट्रल हॉल में आयोजित होंगे सभी कार्यक्रम

विधानसभा स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सेंट्रल हॉल में संपन्न होंगे. इस बार समारोह को भव्य बनाने के बजाय सादगी और गरिमा के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया गया है. हाल के दिनों में राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों के निधन के कारण सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नहीं होंगी. हालांकि, विधानसभा की उपलब्धियों और सदन की कार्यप्रणाली में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया जाएगा.

26 साल में परिपक्व हुई झारखंड विधानसभा : अध्यक्ष

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने कहा कि 26 वर्षों के सफर में झारखंड विधानसभा ने परिपक्वता हासिल की है. आज विधानसभा की ओर से आयोजित कई कार्यक्रमों की देशभर में सराहना हो रही है. राज्य गठन के आंदोलन से जुड़े सपनों और उद्देश्यों को पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड गठन के शुरुआती वर्षों में राजनीतिक अस्थिरता के कारण विकास की अपेक्षित गति प्रभावित हुई थी. हालांकि, बाद के वर्षों में विकास कार्यों ने रफ्तार पकड़ी है. विधानसभा ने भी अपनी कार्यप्रणाली और लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है.

समिति करती है उत्कृष्ट विधायक का चयन

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि उत्कृष्ट विधायक के चयन के लिए एक विशेष समिति गठित की जाती है. इस समिति में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, अनुभवी और वरिष्ठ विधायक, नेता प्रतिपक्ष, वरिष्ठ पत्रकार और विधानसभा सचिवालय के प्रतिनिधि शामिल होते हैं. समिति के सदस्य आपसी विचार-विमर्श और सहमति के आधार पर उत्कृष्ट विधायक का चयन करते हैं. स्थापना दिवस समारोह में उत्कृष्ट विधायक के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा.