झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेज, 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेज हो गई है. 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति दर्ज की जा सकती है. 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी.

झारखंड में SIR की प्रक्रिया तेज, 30 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका

रांची (RANCHI): झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है. मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी 22 सितंबर के SIR बुलेटिन के अनुसार, 21 सितंबर तक फॉर्म-6 के जरिए कुल 5,83,116 आवेदन प्राप्त हुए हैं. वहीं, फॉर्म-6A के माध्यम से 98 आवेदन, फॉर्म-7 के जरिए 9,322 आवेदन/आपत्तियां और फॉर्म-8 के माध्यम से 3,85,640 आवेदन प्राप्त हुए हैं. केवल 21 सितंबर को फॉर्म-6 के 4,813, फॉर्म-7 के 241 और फॉर्म-8 के 4,367 आवेदन मिले हैं.

SIR की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार अलग-अलग जिलों का दौरा कर तैयारियों और कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं. निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दावा-आपत्ति से जुड़े आवेदनों के निष्पादन, दस्तावेजों की जांच और मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए जा रहे हैं. निर्वाचन विभाग का जोर इस बात पर है कि SIR के तहत प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार निपटारा करते हुए आगे की प्रक्रिया में किसी तरह की देरी न हो.

निर्वाचन विभाग के अनुसार, 30 सितंबर 2026 तक मतदाताओं को दावा एवं आपत्ति दाखिल करने का अवसर मिलेगा. इसके बाद प्राप्त दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. SIR के तहत तैयार की जा रही अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 19 अक्टूबर 2026 को किया जाना निर्धारित है. ऐसे में दावा-आपत्ति की समय सीमा नजदीक आने के साथ निर्वाचन विभाग ने जिलों में प्रक्रिया तेज कर दी है और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक कार्य पूरे करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है.