रांची (RANCHI): राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के समीप गुरुवार सुबह रेलवे ट्रैक के पास एक आरपीएफ (RPF) जवान का सिर कटा शव बरामद किया गया. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक जवान की पोस्टिंग महज तीन दिन पहले ही सुइसा से नामकुम रेलवे स्टेशन में की गई थी. गुरुवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच यह घटना होने की आशंका जताई जा रही है. जवान ड्यूटी की वर्दी में था और उसका सिर धड़ से अलग पाया गया. घटनास्थल से उसका बैग भी बरामद किया गया है.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई. रेलवे पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. हालांकि, मृतक जवान की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है. मामले को लेकर रेलवे पुलिस फिलहाल ज्यादा जानकारी साझा करने से बच रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी. वहीं जवान के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है.
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि जवान की मौत किसी दुर्घटना का परिणाम है या फिर मामला आत्महत्या से जुड़ा है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. पोस्टिंग के महज तीन दिन बाद हुई इस दर्दनाक घटना से रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे महकमे में शोक का माहौल है. जवान की अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनके जवाब अब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे.

