रांची में SIR तेज़: घर-घर पहुंचे BLO, मतदाता सूची डिजिटाइजेशन का काम शुरू

रांची में SIR तेज़: घर-घर पहुंचे BLO, मतदाता सूची डिजिटाइजेशन का काम शुरू

रांची (RANCHI): झारखंड में SIR को लेकर सरगर्मी तेज है. भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुसार रांची जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान पूरी गति से चल रहा है. इसके तहत मतदाताओं के बीच Enumeration Form के वितरण, संग्रहण और उनके डिजिटाइजेशन का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के विशेष निर्देश पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) सुबह-सुबह ही मतदाताओं के घरों तक पहुंच रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक छूट न जाए.

उपायुक्त ने सभी BLO को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया है कि वे सुबह के समय अधिक से अधिक घरों को कवर करें, क्योंकि इस दौरान अधिकांश लोग घर पर ही उपलब्ध रहते हैं. इस रणनीति से अभियान को गति मिल रही है. इसके साथ ही, दोपहर के बाद संग्रहित किए गए फॉर्मों का समयबद्ध डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने को कहा गया है, जिससे वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य समानांतर रूप से चलता रहे और पूरी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सके.

आज जिले के सभी क्षेत्रों में BLO ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क किया और उन्हें आवश्यक जानकारी देते हुए फॉर्म उपलब्ध कराए. जिला प्रशासन ने रांची के सभी आम नागरिकों और पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के BLO के साथ पूरा सहयोग करें. अभियान को सफल बनाने के लिए Enumeration Form को सही और पूरी जानकारी के साथ भरकर यथाशीघ्र जमा करें, ताकि एक शुद्ध और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार की जा सके.