झारखंड कैबिनेट की अहम बैठक आज, कई प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक होगी. सरकारी कर्मचारियों के DA में 3% बढ़ोतरी, चार सड़कों के पुनर्निर्माण और नई जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा संभव है.
रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को झारखंड मंत्रालय में राज्य मंत्रिपरिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी. इस बैठक में करीब दो दर्जन प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किए जाने की संभावना है. बैठक में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत देने से जुड़ा महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का प्रस्ताव भी पेश हो सकता है. चर्चा है कि राज्य सरकार कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में तीन प्रतिशत की वृद्धि कर सकती है. इस संबंध में वित्त विभाग के दो प्रस्ताव कैबिनेट विभाग को भेजे जा चुके हैं.
इसके अलावा राज्य की चार प्रमुख सड़कों के पुनर्निर्माण और विकास से जुड़े प्रस्तावों पर भी मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल सकती है. सरकार की वर्षगांठ नजदीक होने के कारण इस बैठक को राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से काफी अहम माना जा रहा है. माना जा रहा है कि सरकार इस मौके पर आम लोगों को राहत देने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से कई नई योजनाओं की घोषणा से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा कर सकती है.
बैठक में किसानों और आदिवासी समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए नई योजनाओं को स्वीकृति देने पर भी विचार होने की संभावना है. इसके साथ ही राज्य के विकास, जनकल्याण और विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंत्रिपरिषद अंतिम निर्णय ले सकती है. अब सभी की निगाहें कैबिनेट बैठक के फैसलों पर टिकी हैं.