रांची (RANCHI): इंडियन मेडिकल एसोसिएशन-मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क (IMA MSN) झारखंड ने वर्ष 2026-27 के लिए अपनी नई राज्य कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है. संगठन ने राज्यभर के मेडिकल छात्रों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराने और उनके नेतृत्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नई टीम का गठन किया है. नई कार्यकारिणी में मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर की डॉ. अनुश्री बराल को सर्वसम्मति से राज्य अध्यक्ष चुना गया है, जबकि AIIMS देवघर के डॉ. राजा बाबू को राज्य महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
संगठन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नई टीम मेडिकल छात्रों के शैक्षणिक, पेशेवर और नेतृत्व विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रूप से काम करेगी. साथ ही छात्र सहभागिता बढ़ाने, सामुदायिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और मेडिकल शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर छात्रों की आवाज को मजबूत मंच प्रदान करने का प्रयास करेगी.
नेशनल काउंसिल और समन्वयकों की हुई नियुक्ति
नई कार्यकारिणी में डॉ. प्रतीक रंजन और आकांक्षा तिवारी को नेशनल काउंसिल सदस्य बनाया गया है. वहीं सुशांत कुमार को राज्य उप-संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा परिधा सिंह और चंद्रिका को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है. संगठन ने आदित्य कुमार, विशाल कुंवर सिंह, श्रुति गुप्ता और अनंत राज को संयुक्त सचिव के पद पर जिम्मेदारी सौंपी है. वहीं डॉ. सोनाक्षी, डॉ. राजू और डॉ. अंजलीना को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है.
IMA MSN झारखंड ने विश्वास जताया है कि नई कार्यकारिणी राज्य के मेडिकल छात्रों के बीच नेतृत्व क्षमता विकसित करने, शैक्षणिक सहयोग को मजबूत बनाने और पेशेवर विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. संगठन का कहना है कि आने वाले समय में छात्रों की समस्याओं और सुझावों को प्रभावी ढंग से उठाने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों को भी गति दी जाएगी. नई टीम के गठन के साथ ही IMA MSN झारखंड ने राज्य के मेडिकल छात्रों को एकजुट कर उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में नए प्रयासों की शुरुआत करने का संकल्प लिया है.

