रांची में दुर्गा पंडाल घूमने के दौरान बिगड़ी तबीयत तो तुरंत मिलेगा इलाज, 9 प्रमुख स्थानों पर मिलेगी मेडिकल सहायता

राजधानी रांची में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सेहत का ध्यान रखने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती की गई है. यह व्यवस्था 17 से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि आपात स्थिति में निर्धारित स्थानों पर संपर्क कर तत्काल मदद लें.

रांची में दुर्गा पंडाल घूमने के दौरान बिगड़ी तबीयत तो तुरंत मिलेगा इलाज, 9 प्रमुख स्थानों पर मिलेगी मेडिकल सहायता

रांची (RANCHI): राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह चरम पर है. शहर के चौक-चौराहों से लेकर पूजा पंडालों तक रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट लोगों का ध्यान खींच रही है. पंडालों के पट खुलने के साथ ही मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी है. शाम होते ही बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ पूजा पंडालों और मेलों का आनंद लेने पहुंच रहे हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ उनकी सेहत का ध्यान रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष व्यवस्था की है.

दुर्गा पूजा के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने या अचानक चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ने पर परेशानी न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर मेडिकल टीम और एंबुलेंस की तैनाती की गई है. यह व्यवस्था 17 से 20 अक्टूबर तक लागू रहेगी. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि आपात स्थिति में निर्धारित स्थानों पर संपर्क कर तत्काल मदद लें.

तीन स्थानों पर 24 घंटे तैनात रहेंगे चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी
स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत अलबर्ट एक्का चौक, सदर थाना कोकर और नगर नियंत्रण कक्ष में चिकित्सकों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती की जाएगी. इन स्थानों पर तीन पालियों में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, ताकि श्रद्धालुओं को जरूरत के समय सहायता मिल सके. भीड़भाड़ के बीच किसी व्यक्ति की तबीयत अचानक खराब होने पर यहां संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा, शहर के प्रमुख इलाकों में 108 एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. विभाग का प्रयास है कि किसी भी आपात स्थिति में मरीज को समय पर चिकित्सा सहायता और जरूरत पड़ने पर अस्पताल पहुंचाने की सुविधा मिल सके.

इन स्थानों पर मिलेगी 108 एंबुलेंस की सुविधा
दुर्गा पूजा के दौरान छह प्रमुख स्थानों पर शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक 108 एंबुलेंस उपलब्ध रखने की व्यवस्था की गई है. इन स्थानों में शामिल हैं:
रातू रोड
सुजाता चौक
तुपुदाना ओपी
जगन्नाथपुर थाना
वृंदावन कॉलोनी दुर्गा पूजा समिति
चिरौंदी
बरियातू रोड

आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें फोन
स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर श्रद्धालु नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं.
अलबर्ट एक्का चौक
सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक: 7870020393
दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक: 9433020025
रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक: 9507077227

सदर थाना, कोकर
सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक: 7479632761
दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे तक: 7004066935
रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक: 9431338221

नगर नियंत्रण कक्ष
9504276995
7903188781

दवाओं और मेडिकल उपकरणों के साथ तैयार रहेंगी टीमें
सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सा दलों को जिला भंडार से आवश्यक दवाएं और मेडिकल उपकरण प्राप्त करने का निर्देश दिया है. साथ ही सभी टीमों को निर्धारित स्थानों पर समय से पहुंचकर अपनी ड्यूटी संभालने को कहा गया है. स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का मकसद दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करना है. ऐसे में पूजा पंडालों में जाने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे जरूरी नंबर अपने पास रखें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत मदद ली जा सके.