रांची में आज इन पंडालों में होगा विसर्जन, जानिए क्या है समय
राजधानी में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इसके लिए शहर की अलग-अलग दुर्गा पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी. ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा को विदाई देंगे.
रांची(RANCHI): राजधानी में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इसके लिए शहर की अलग-अलग दुर्गा पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी. ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच श्रद्धालु मां दुर्गा को विदाई देंगे. इसके साथ ही दुर्गा पूजा उत्सव का समापन हो जाएगा.
दोपहर से शुरू होगी विसर्जन शोभायात्रा
रांची में विभिन्न पूजा समितियों की विसर्जन शोभायात्रा दोपहर बाद निकलेगी. कई पूजा पंडालों की प्रतिमाएं पारंपरिक रास्तों से होते हुए बड़ा तालाब पहुंचेंगी. यहां पूजा-अर्चना और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा.
रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि सभी पूजा समितियां अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं. प्रतिमाओं को निर्धारित तालाबों और डैम में विसर्जित किया जाएगा.
वहीं, महानगर दुर्गा पूजा समिति की शोभायात्रा दोपहर 3 बजे बिहार क्लब से निकलेगी. शोभायात्रा शहर के अलग-अलग इलाकों से गुजरते हुए बड़ा तालाब पहुंचेगी. दूसरी ओर, विभिन्न पूजा समितियां अपने निर्धारित स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगी.
शांति बनाए रखने की अपील
रांची में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा की पूरी तैयारी कर ली है. बुधवार को निकलने वाले विसर्जन जुलूसों के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहेंगी. श्रद्धालुओं को सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए ही प्रतिमाओं का विसर्जन करना होगा. खास तौर पर डैम और तालाबों में बनाए गए खतरे के निशान को पार करने की अनुमति नहीं होगी.
गहरे पानी में जाने पर रहेगी रोक
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के लिए खतरे के निशान बनाए गए हैं. इसके आगे NDRF की टीम तैनात रहेगी, ताकि कोई भी व्यक्ति गहरे पानी में न जाए. संवेदनशील घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों और नावों की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा बैरिकेडिंग, लाइट, मेडिकल टीम और एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
रांची के SSP राकेश रंजन ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की दुर्घटना को रोकना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
हर जुलूस के साथ रहेगी पुलिस
विसर्जन जुलूसों के साथ पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहेंगे. भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी. CCTV और ड्रोन कैमरों की मदद से भी जुलूसों पर नजर रखी जाएगी. हुड़दंग, मारपीट, छेड़खानी और छीना-झपटी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
भड़काऊ गाने बजाने पर होगी कार्रवाई
SSP ने पूजा समितियों से अपील की है कि जुलूस के दौरान अश्लील या भड़काऊ गाने न बजाएं. डीजे और लाउडस्पीकर का इस्तेमाल तय नियमों के अनुसार ही करें. शराब पीकर जुलूस में शामिल होने और हंगामा करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी.