मामूली बात से बढ़ा विवाद और पति ने पत्नी संग कर दिया खौफनाक कांड, जानिए कहां का है मामला

मामूली बात से बढ़ा विवाद और पति ने पत्नी संग कर दिया खौफनाक कांड, जानिए कहां का है मामला

धनबाद (DHANBAD): धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र से पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. पांडरपल्ला न्यू इस्लामपुर स्थित एक मैरिज हॉल में काम कर रही महिला पर उसके ही पति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे आनन-फानन में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है.

जानकारी के मुताबिक, झरिया चौथाईकुल्ही निवासी मेहंदी खातून अपने पति शहजाद उर्फ खैरु के साथ पांडरपल्ला स्थित अलहबीबी मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करती थी. स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. आरोपी पति अक्सर पत्नी के साथ मारपीट करता था और दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते रहते थे.

बताया जा रहा है कि शनिवार रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद रविवार सुबह जब मेहंदी खातून मैरिज हॉल की ऊपरी मंजिल पर अकेले काम कर रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने अचानक धारदार ब्लेड निकालकर महिला के गले पर हमला कर दिया. वार इतना गंभीर था कि महिला लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. घटना के बाद मैरिज हॉल में अफरा-तफरी मच गई. वहां मौजूद कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया.

मामले की सूचना मिलते ही भूली ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान लेने के साथ-साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने बताया कि दोनों मूल रूप से बोकारो जिले के रहने वाले हैं और झरिया में रहकर मैरिज हॉल में काम करते थे. प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस का कहना है कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. वहीं इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है.

रिपोर्ट : नीरज कुमार