गर्भवती पत्नी को नदी में फेंकने वाला पति गिरफ्तार, घूमाने के बहाने पुल से दिया था धक्का
रांची में गर्भवती पत्नी को नदी में धकेलने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है. महिला रातभर नदी के बीच टापू पर फंसी रही.
रांची में गर्भवती पत्नी को नदी में धकेलने के आरोप में पुलिस ने पति को गिरफ्तार किया है. महिला रातभर नदी के बीच टापू पर फंसी रही.
रांची (RANCHI): रांची में गर्भवती पत्नी को पुल से नदी में धकेलने के आरोप में पुलिस ने फरार चल रहे उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश महतो उर्फ मृत्युंजय महतो के रूप में हुई है. पुलिस ने उसे हेसल इलाके से पकड़ा है. आरोप है कि सुरेश तीसरी शादी करना चाहता था और इसी वजह से उसने अपनी 22 वर्षीय दो महीने की गर्भवती पत्नी लखीमनी कुमारी को जान से मारने की नीयत से राढ़ू नदी में धक्का दे दिया. घटना के बाद महिला नदी के तेज बहाव में बह गई, लेकिन किसी तरह तैरकर नदी के बीच बने एक सुनसान टापू तक पहुंच गई. इसके बाद वह पूरी रात वहीं फंसी रही.
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति अपनी पत्नी को घूमाने के बहाने बाइक से घर से बाहर लेकर निकला था. रास्ते में मौका मिलते ही उसने कथित तौर पर पत्नी को पुल से नीचे नदी में धकेल दिया और वहां से फरार हो गया. नदी में गिरने के बाद महिला ने खुद को बचाने के लिए काफी संघर्ष किया और तैरकर टापू तक पहुंचने में कामयाब रही. रातभर ठंडे पानी और सुनसान इलाके में फंसी महिला मदद का इंतजार करती रही. अगले दिन सुबह एक ग्रामीण की नजर उस पर पड़ी. अंधेरा होने के कारण ग्रामीण पहले उसे पहचान नहीं सका और डरकर वहां से भाग गया. बाद में उसने अन्य ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी.
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी पति की तलाश में छापेमारी की. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुरेश महतो को हेसल इलाके से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की पूरी वजह की जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, महिला को नदी में धकेलने के आरोपों के साथ-साथ तीसरी शादी की जिद से जुड़े पहलू की भी जांच की जा रही है. वहीं, घटना के बाद पीड़िता की स्थिति और पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर तय की जाएगी.