रांची (RANCHI): राजधानी रांची में जमीन विवाद ने पति-पत्नी के रिश्ते को कानूनी लड़ाई में बदल दिया है. भारतीय वायुसेना में कार्यरत स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह और उनकी पत्नी डॉ. अमितु सिंह ने एक-दूसरे के खिलाफ रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. डॉ. अमितु सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि उनके पति अभिनव सिंह लगातार मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें जमीन से बेदखल करने, दर्ज मामलों को वापस लेने और आर्थिक रूप से परेशान करने की धमकी दी जा रही है. डॉ. अमितु का आरोप है कि यदि उनकी बात नहीं मानी गई तो उन्हें जान से मारने तक की धमकी दी गई.
वहीं दूसरी ओर, स्क्वाड्रन लीडर अभिनव सिंह ने भी रातू थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पत्नी और ससुर जयप्रकाश सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि उनकी कमाई से खरीदी गई जमीन को उनकी जानकारी के बिना पत्नी के नाम पर दर्ज कराया गया. उन्होंने इसे विश्वासघात और धोखाधड़ी बताते हुए कार्रवाई की मांग की है. इस विवाद के बीच डॉ. अमितु सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में ही उन्होंने अपने पति, सास, ससुर और ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था. उनके अनुसार, शादी के बाद लगातार दहेज की मांग की जाती रही और उन्हें शारीरिक तथा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
जमीन विवाद को लेकर डॉ. अमितु ने दावा किया कि रांची में खरीदी गई संपत्ति में उनके पिता ने करीब 38 लाख रुपये का निवेश किया था. उन्होंने यह भी कहा कि पति द्वारा दी गई राशि में से 17 लाख रुपये से अधिक वापस किए जा चुके हैं. ऐसे में धोखाधड़ी के आरोपों का कोई आधार नहीं है. फिलहाल दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. एक तरफ जमीन खरीद में धोखाधड़ी का मामला है, तो दूसरी ओर दहेज प्रताड़ना, मानसिक उत्पीड़न और धमकी देने के आरोप हैं. पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है. मामले की सच्चाई अब जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेगी.

