रांची में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर में पीछे से घुसी ईको कार, चालक की मौके पर मौत
जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है जहां बेड़ो-गुमला मुख्य मार्ग पर जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई.
रांची (RANCHI): जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है जहां बेड़ो-गुमला मुख्य मार्ग पर जरिया स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार ईको कार आगे चल रहे ट्रेलर से पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन ट्रेलर के पिछले हिस्से के नीचे जा घुसा. इस हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग और पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया था. कार में सवार दोनों लोग अंदर ही फंस गए थे.
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला गया. इसके बाद एम्बुलेंस की मदद से उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद कार चालक को मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरे घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस की प्रारंभिक छानबीन और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कार की तेज रफ्तार दुर्घटना की एक संभावित वजह हो सकती है. आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाने के दौरान चालक को झपकी आ गई होगी, जिसके कारण वह कार पर नियंत्रण नहीं रख सका. हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.
दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की पहचान करने के साथ दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और वाहन चलाते समय लापरवाही से होने वाले सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है.