टीएनपी डेस्क (TNP DESK): वाराणसी से रांची जा रही रेखा बस बुधवार तड़के बिहार के औरंगाबाद जिले में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. NH-19 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के पहारचापी मोड़ के पास बस ने सड़क निर्माण कार्य में लगे डंपर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में एक फार्मा कंपनी के कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि 22 यात्री घायल हो गए.
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के राजा तालाब निवासी 35 वर्षीय बाबू विवेक सिंह के रूप में हुई है. वह एक फार्मा कंपनी में कार्यरत थे और अपने सहयोगी आशु पटेल के साथ कंपनी के काम से रांची जा रहे थे. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
जानकारी के अनुसार, रेखा बस मंगलवार की रात करीब 9 बजे वाराणसी से रवाना हुई थी. बुधवार सुबह लगभग 2 बजे पहारचापी मोड़ के पास चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस आगे चल रहे डंपर से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया. बाद में पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची. ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर और सदर अस्पताल औरंगाबाद भेजा गया.
घायलों में वाराणसी निवासी मनेश गुप्ता, संजय राम, मनिकेश सिंह, अमन मिश्रा, दुलारी देवी समेत कई अन्य यात्री शामिल हैं. सभी का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है. मृतक के सहयोगी आशु पटेल ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मदनपुर थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए NH-19 पर यातायात भी प्रभावित रहा.

